Latest news

बृहस्पति बाजार 1 दिसंबर से स्कूल मैदान में लगेगा, 263 दुकान-चबूतरों पर शुरू होगा कारोबार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

पुनर्विकास तक पं. मुन्नूलाल शुक्ल स्कूल में रहेंगे सब्जी व्यापारी; 37 दुकानें और 226 चबूतरे तैयार, धूप-बारिश से बचाने शेड भी बनाए | 13.39 करोड़ रुपए से बदलेगी पुराने बाजार की सूरत, पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या दूर करने की तैयारी

बिलासपुर। बृहस्पति बाजार में अब सब्जी खरीदने जाने वालों को कुछ समय के लिए अपना रास्ता बदलना होगा। बाजार के पुनर्विकास की तैयारी के बीच 1 दिसंबर से यहां के व्यापारी पंडित मुन्नूलाल शुक्ल स्कूल परिसर में कारोबार करेंगे। रिवर व्यू के किनारे गोड़पारा स्थित स्कूल मैदान को अस्थाई सब्जी बाजार के रूप में तैयार किया गया है। यहां 37 दुकानें और 226 चबूतरे बनाए गए हैं। चबूतरों के ऊपर पक्के शेड लगाए गए हैं, ताकि व्यापारियों को धूप और बारिश में परेशानी न हो। बाजार में बिजली, पानी, महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट और पार्किंग की सुविधा भी रखी गई है।

बृहस्पति बाजार शहर का प्रमुख सब्जी बाजार है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्राहक पहुंचते हैं। लेकिन बाजार की पुरानी व्यवस्था में जगह की कमी, गंदगी, बजबजाती नालियां और बेतरतीब पार्किंग जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। अब नगर निगम 13 करोड़ 39 लाख रुपए डीएमएफ फंड से बाजार का पुनर्विकास कराने जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने तक कारोबार प्रभावित न हो, इसलिए व्यापारियों को अस्थाई बाजार में शिफ्ट किया जा रहा है।

स्कूल मैदान में बाजार बसाने की तैयारी पूरी

नगर निगम ने अस्थाई बाजार के लिए पूरे स्कूल परिसर को व्यवस्थित किया है। यहां 37 दुकानें और 226 चबूतरे तैयार किए गए हैं। सभी चबूतरों के ऊपर पक्के शेड बनाए गए हैं। व्यापारियों और ग्राहकों की सुविधा के लिए पानी, बिजली, पार्किंग और महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। 1 दिसंबर से बाजार शुरू करने की तैयारी है।

कमिश्नर ने किया निरीक्षण, बोले- किसी को परेशानी न हो

शिफ्टिंग से पहले निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने अस्थाई बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयार दुकानों, चबूतरों और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार शुरू होने के बाद व्यापारियों और आम नागरिकों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि शिफ्टिंग के बाद कारोबार सुचारू रूप से चल सके।

नए बाजार में दूर होंगी चार बड़ी समस्याएं

बृहस्पति बाजार के पुनर्विकास का मकसद केवल दुकानों का नया निर्माण करना नहीं है। मौजूदा बाजार में अव्यवस्थित जगह, बजबजाती नालियां, गंदगी और पार्किंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इन समस्याओं को दूर कर बाजार को व्यवस्थित और सुविधायुक्त स्वरूप देने की योजना है। इससे सब्जी विक्रेताओं को कारोबार के लिए बेहतर जगह मिलेगी और ग्राहकों को भी खरीदारी में सुविधा होगी।

चौक पर जाम से भी मिलेगी राहत

बृहस्पति बाजार में पार्किंग की अव्यवस्था का असर आसपास की सड़कों पर भी पड़ता है। बाजार आने वाले वाहनों के कारण बृहस्पति बाजार चौक पर यातायात बाधित होता है। पुनर्विकास के बाद पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित होने से सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। यानी इस परियोजना से बाजार की व्यवस्था के साथ आसपास के यातायात को भी सुधारने की उम्मीद है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।