







तीन दिन तक देवरीखुर्द और तोरवा में गूंजे मादरी, झांझ और कर्मा के स्वर, बस्तर-रायगढ़ के नृत्य दलों ने बांधा समां | भव्य शोभायात्रा के साथ तोरवा घाट में हुआ विसर्जन, प्रदेशभर से पहुंचे समाज प्रमुख और जनप्रतिनिधि
बिलासपुर। आदिवासी समाज की सदियों पुरानी लोक परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत स्वरूप ईसर-गौरा महापर्व में देखने को मिला। देवरीखुर्द में आयोजित तीन दिवसीय महापर्व में धार्मिक अनुष्ठानों, पारंपरिक नृत्य-संगीत और सामाजिक सहभागिता का ऐसा संगम नजर आया, जिसमें पूरा क्षेत्र ईसर-गौरा की भक्ति और आदिवासी संस्कृति के रंग में सराबोर रहा। 23 से 25 नवंबर तक पुराना पावर हाउस, देवरीखुर्द, तोरवा वार्ड क्रमांक 42 में आयोजित इस महापर्व में प्रदेशभर से समाज प्रमुख, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
महापर्व का मुख्य आकर्षण 24 नवंबर की रात्रि आयोजित भगवान महादेव की भव्य बारात और विवाह समारोह रहा। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में आदिवासी समाज की सांस्कृतिक परंपराओं की अनूठी झलक दिखाई दी। बस्तर और रायगढ़ क्षेत्र से पहुंचे प्रसिद्ध आदिवासी नृत्य दलों ने मादरी, झांझ और कर्मा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज, लोकनृत्य की लय और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समारोह में शामिल लोगों को मंत्रमुग्ध किया। महादेव की बारात के दौरान धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति की सामूहिक अभिव्यक्ति भी देखने को मिली।
महादेव की बारात से लेकर विसर्जन तक निभाई गईं परंपराएं
तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन 25 नवंबर को दोपहर 12 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा देवरीखुर्द से प्रारंभ होकर तोरवा होते हुए तोरवा घाट पहुंची। इसमें समाज के लोगों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पारंपरिक धार्मिक विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया और इसी के साथ तीन दिवसीय ईसर-गौरा महापर्व का समापन हुआ। आयोजन के दौरान देवरीखुर्द और तोरवा क्षेत्र में उत्सव और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
संस्कृति और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी : सुभाष सिंह परते
महापर्व के अवसर पर सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ के प्रांतीय अध्यक्ष, युवा प्रभाग सुभाष सिंह परते ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए। भारत की वास्तविक खूबसूरती उसकी संस्कृति, संस्कार और परंपराओं में है और हमें अपनी इस विरासत पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से अपनी रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी पहचान और संस्कृति को कभी न भूलें।
परते ने कहा कि ईसर-गौरा केवल एक पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज की आस्था, एकता और पूर्वजों से मिली अमूल्य धरोहर है। जब समाज एक साथ खड़ा होता है, तभी संस्कृति जीवित रहती है। ऐसे आयोजन अपनी परंपराओं को सहेजने और सामाजिक एकजुटता को बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
पुष्पमाला और गमछा भेंटकर अतिथियों का किया सम्मान
आयोजन में शामिल सभी अतिथियों का आयोजन समिति और परते परिवार की ओर से पुष्पमाला पहनाकर तथा गमछा भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की विशेष भूमिका रही। आयोजन समिति के साथ समाज के सभी वर्गों ने सहभागिता निभाई।
तीन दिवसीय महापर्व के समापन पर आयोजक सुभाष सिंह परते एवं परिवार ने प्रदेशभर से पहुंचे समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से ही ईसर-गौरा महापर्व इतने भव्य स्वरूप में संपन्न हो सका।आयोजन समिति : ईसर-गौरा महापर्व, देवरीडीह, बिलासपुर। आयोजक : सुभाष सिंह परते एवं परिवार।
