Latest news

बिलासपुर में सजेगा वेटरन क्रिकेट का महाकुंभ, 5 दिसंबर से फ्लड लाइट में भिड़ेंगी 8 फ्रेंचाइजी टीमें

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

छत्तीसगढ़ लीजेंड्स टी-20 ब्लास्ट का ग्रैंड लॉन्च, ट्रॉफी-जर्सी का अनावरण और IPL की तर्ज पर हुआ खिलाड़ियों का ऑक्शन | 120 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, विजेता को 3 लाख और उपविजेता को मिलेंगे 1.50 लाख रुपए
बिलासपुर। शहर में क्रिकेट का रोमांच अब फ्लड लाइट की रोशनी में परवान चढ़ने जा रहा है। बिलासपुर वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन की मेजबानी में 5 दिसंबर से छत्तीसगढ़ लीजेंड्स टी-20 ब्लास्ट का आगाज होगा। IPL की तर्ज पर फ्रेंचाइजी आधारित इस टी-20 प्रतियोगिता में आठ टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। आठ दिनों तक चलने वाले इस क्रिकेट महाकुंभ में 120 खिलाड़ी अपने बल्ले और गेंद से खेल का जौहर दिखाएंगे। प्रतियोगिता के मुकाबले 5 से 12 दिसंबर 2026 तक राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में फ्लड लाइट की रोशनी में खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से होटल आनन्दा इंपीरियल में छत्तीसगढ़ लीजेंड्स टी-20 ब्लास्ट का ग्रैंड लॉन्च आयोजित किया गया। समारोह में प्रतियोगिता की ट्रॉफी और टीम जर्सी का अनावरण किया गया। इसके साथ ही IPL की तर्ज पर खिलाड़ियों का ग्रैंड ऑक्शन भी हुआ, जिसमें आठ फ्रेंचाइजी टीमों ने अपनी पसंद के खिलाड़ियों का चयन किया। प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
खिताब जीतने वाली टीम को मिलेंगे 3 लाख रुपए
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ टीमों के बीच खिताबी मुकाबला भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। विजेता टीम को 3 लाख रुपए नगद पुरस्कार के साथ छत्तीसगढ़ लीजेंड्स टी-20 की ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। वहीं उपविजेता टीम को 1 लाख 50 हजार रुपए नगद और ट्रॉफी दी जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर सहित अन्य आकर्षक पुरस्कारों और नगद राशि से सम्मानित किया जाएगा।
38 प्लस खिलाड़ी दिखाएंगे अनुभव और हुनर
इस प्रतियोगिता की खासियत यह है कि इसमें केवल युवा खिलाड़ियों का ही नहीं, बल्कि अनुभवी क्रिकेटरों का खेल भी देखने को मिलेगा। बिलासपुर के अलावा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से वेटरन खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगे। 38 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों के साथ रिटायर्ड रणजी और IPL खिलाड़ी भी मैदान पर उतरेंगे। क्रिकेट से लंबे समय तक जुड़े रहे इन अनुभवी खिलाड़ियों को एक बार फिर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में अपनी प्रतिभा, फिटनेस और अनुभव प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
आठ फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होगा मुकाबला
ऑक्शन के बाद प्रतियोगिता के लिए आठ फ्रेंचाइजी टीमों का गठन किया गया है। इनमें यंग बुल्स बिलासपुर, अमरकंटक टाइगर्स पेंड्रा, श्री लक्ष्मी स्पार्टन बिलासपुर, क्यूसीआई वॉरियर रायपुर, भिलाई जायंट्स भिलाई, सरगुजा रॉयल्स सरगुजा, टाइमलेस टाइटन बिलासपुर और काका ब्लास्ट कोरबा शामिल हैं। सभी टीमों में 15-15 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इस तरह आठ टीमों के 120 खिलाड़ी 5 से 12 दिसंबर तक राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में अपना खेल कौशल दिखाएंगे।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के सचिव ने की आयोजन की सराहना
ग्रैंड लॉन्च समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के सचिव विन्टेश अग्रवाल रहे। विशिष्ट अतिथियों में छत्तीसगढ़ वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला, क्रिकेट संघ बिलासपुर के अध्यक्ष नवीन जाजोदिया और सचिव देवेन्द्र सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि विन्टेश अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं और बिलासपुर में छत्तीसगढ़ लीजेंड्स टी-20 ब्लास्ट के आयोजन की सराहना की। अन्य अतिथियों ने कहा कि इस आयोजन को लेकर युवाओं के साथ वेटरन खिलाड़ियों में भी काफी उत्साह है।
आयोजन में इनकी रही मौजूदगी और सहभागिता
कार्यक्रम में शरद मुरारका, आनंद तावड़कर, रितेश शुक्ला, नारायण अवाती, डॉ. रजनीश पांडे (प्रथम हॉस्पिटल), सचिन शर्मा (शगुन इंडस्ट्री), अंकित मिश्रा (परी बिल्डर), लय मिश्रा, मानस शुक्ला और पारस शुक्ला (पौष्टिकम) उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के मोहम्मद जाकिर, मोहम्मद शोएब, डॉ. सुधांशु भट्ट, डॉ. नफीस, डॉ. जीशान सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।