नगरीय प्रशासन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दी अंतिम स्वीकृति, शहर के अधोसंरचना विकास को मिलेगी गति | विधायक अमर अग्रवाल की पहल पर विधायक निधि से 67 लाख के पांच कार्य भी स्वीकृत
बिलासपुर। शहर के विकास कार्यों को लेकर राज्य शासन ने बड़ी वित्तीय मंजूरी दी है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर पालिक निगम बिलासपुर के 145 विकास कार्यों पर 38 करोड़ 89 लाख 47 हजार रुपये की अंतिम स्वीकृति प्रदान की है। अधोसंरचना मद से मिलने वाली इस राशि से शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। इसके साथ ही विधायक अमर अग्रवाल की पहल पर विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से 67 लाख रुपये के पांच अन्य विकास कार्यों को भी मंजूरी मिली है।
नगरीय प्रशासन विभाग की इस स्वीकृति के बाद नगर निगम क्षेत्र में प्रस्तावित अधोसंरचनात्मक कार्यों के लिए वित्तीय रास्ता साफ हो गया है। 145 कार्यों के लिए स्वीकृत राशि शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर खर्च की जाएगी। वहीं, विधायक निधि से स्वीकृत पांच कार्यों में सामुदायिक भवनों का निर्माण, पुनर्निर्माण और शेड निर्माण के साथ विभिन्न जोन में वाटर टैंकर उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
विधायक निधि से इन पांच कार्यों को मिली मंजूरी
विधायक अमर अग्रवाल की विधायक निधि वर्ष 2026-27 से स्वीकृत 67 लाख रुपये के कार्यों में वार्ड क्रमांक 1 गीतांजलि विहार में शिव मंदिर के पास शेड एवं अन्य निर्माण के लिए 7 लाख रुपये दिए जाएंगे। वार्ड क्रमांक 26 में भोयरा मरार पटेल समाज के सामुदायिक भवन के तृतीय तल पर हॉल और दो कमरों के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 44 शंकर नगर में ईशिता पार्क के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 67 सरकंडा लोधीपारा में सामुदायिक भवन के पुनर्निर्माण के लिए 5 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र के जोन क्रमांक 3, 4, 5, 6 एवं 8 में वाटर टैंकर उपलब्ध कराने के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता
विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर के समग्र विकास और प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधोसंरचना विकास के लिए 38.89 करोड़ रुपये की स्वीकृति शहर के विकास को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि जनआवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए बिलासपुर को बेहतर बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
