

दर्रीघाट में 27.01 करोड़ की दो सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण, एनटीपीसी सीपत के 11.46 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन और भुरकुंडा में 72 लाख से बने हाईस्कूल भवन का किया उद्घाटन
बिलासपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने शनिवार को बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। दर्रीघाट, सीपत और ग्राम पंचायत भुरकुंडा में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में उन्होंने कुल 39.19 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें ग्रामीण सड़कों के निर्माण, पुलिया, तालाबों के जीर्णोद्धार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं के विस्तार और हाईस्कूल भवन का निर्माण शामिल है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होने के साथ नौ ग्राम पंचायतों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। वहीं भुरकुंडा के विद्यार्थियों को नए हाईस्कूल भवन की सुविधा मिलेगी।
दर्रीघाट के हाईस्कूल प्रांगण में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने 27.01 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें सोनसरी-सोनसरी सबरीडेरा मार्ग पर सरार चाला में पुलिया सहित 2.50 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 7.96 करोड़ रुपए तथा सोनसरी-मुकुंदपुर पहुंच मार्ग के 8.075 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 19.05 करोड़ रुपए की परियोजना शामिल है।
साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में विकास की गति निरंतर तेज हो रही है। सड़कें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। बेहतर सड़क संपर्क से गांवों में आवागमन सुगम होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना और ग्रामीण अंचलों में बेहतर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है।
एनटीपीसी सीपत के सीएसआर से नौ गांवों को 11.46 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
ग्राम पंचायत सीपत में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री ने एनटीपीसी सीपत के सीएसआर मद से 11.46 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 5.22 करोड़ रुपए के 28 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण और 6.24 करोड़ रुपए के 12 नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
एनटीपीसी सीपत की सीएसआर योजना के तहत सीपत, जांजी, कर्रा, कौड़िया, रलिया, देवरी, रांक, गतौरा और लुतरा सहित नौ ग्राम पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, तालाबों के जीर्णोद्धार तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े कार्य कराए गए हैं। इन विकास कार्यों से हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प विकास की रोशनी गांव, गरीब और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। एनटीपीसी सीपत द्वारा सीएसआर के माध्यम से किए जा रहे कार्य इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। सीपत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही वास्तविक जनसेवा है। उन्होंने क्षेत्र के विकास में योगदान के लिए एनटीपीसी प्रबंधन को बधाई दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
भुरकुंडा में 72 लाख के हाईस्कूल भवन का लोकार्पण
इसी क्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने ग्राम पंचायत भुरकुंडा में 72 लाख रुपए की लागत से निर्मित हाईस्कूल भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नए हाईस्कूल भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन जनकल्याण के लिए जरूरी है। क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने से उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।
कुल विकास कार्यों का हिसाब: दर्रीघाट 27.01 करोड़ + एनटीपीसी सीपत 11.46 करोड़ + भुरकुंडा 72 लाख = 39.19 करोड़ रुपए।
