
‘प्रारंभ–2026’ के छह दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम का समापन, सिम्स के अधिष्ठाता और चिकित्सा अधीक्षक ने विद्यार्थियों को बताया अनुशासन, व्यावहारिक दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता का महत्व
बिलासपुर। फिजियोथेरेपी का काम केवल मरीज की शारीरिक परेशानी दूर करना नहीं, बल्कि उसे दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटने में सक्षम बनाना भी है। इसके लिए किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता, धैर्य और मरीज के प्रति मानवीय संवेदनशीलता जरूरी है। चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य ऐसे ही कुशल और जिम्मेदार स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करना है। इसी सोच के साथ शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, बिलासपुर में नवप्रवेशित बीपीटी विद्यार्थियों के लिए आयोजित छह दिवसीय इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘प्रारंभ–2026’ का समापन हुआ।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सिम्स के संयुक्त संचालक एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में सफलता के लिए अकादमिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता, अनुशासन और सेवाभाव बेहद जरूरी है। एक अच्छे फिजियोथेरेपिस्ट को मरीज की शारीरिक परेशानी के साथ उसकी मानसिक स्थिति को भी समझना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अध्ययन करने तथा अपने ज्ञान एवं कौशल के जरिए समाज और स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने का आह्वान किया।
पुस्तकीय ज्ञान से आगे मरीजों की जरूरत समझना जरूरी
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबें पढ़ना और परीक्षाएं उत्तीर्ण करना नहीं है, बल्कि ऐसे स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करना है, जो मरीजों की जरूरतों को समझकर उन्हें बेहतर उपचार और पुनर्वास सेवाएं दे सकें। फिजियोथेरेपी आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दुर्घटना, चोट, शल्य चिकित्सा और विभिन्न शारीरिक समस्याओं के बाद मरीज को फिर से सामान्य जीवन में लौटाने में फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका बेहद अहम होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को शुरुआती दौर से ही अनुशासन, मेहनत, नियमित अभ्यास और सीखने की जिज्ञासा बनाए रखने की सलाह दी। डॉ. मूर्ति ने कहा कि मरीजों के साथ बेहतर संवाद, सम्मान, धैर्य और मानवीय संवेदनशीलता को अपने व्यावसायिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। चिकित्सा क्षेत्र में लगातार नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों का विकास हो रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को जीवनभर सीखते रहने की आदत विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि ‘प्रारंभ–2026’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, चिकित्सा सेवाओं और भविष्य की व्यावसायिक जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देते हैं।
छह दिनों में शैक्षणिक जानकारी से लेकर व्यावहारिक कौशल तक की सीख
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी के क्षेत्र से जुड़ी शैक्षणिक जानकारियां, व्यावहारिक कौशल, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और चिकित्सा सेवाओं में व्यावसायिक जिम्मेदारियों से परिचित कराया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की शुरुआत से ही एक बेहतर स्वास्थ्य पेशेवर बनने के लिए तैयार करना रहा।
समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने छह दिनों के दौरान मिले अनुभवों और सीख को साझा किया। इसके बाद अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। प्रमाण-पत्र मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह और प्रसन्नता नजर आई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की रही मौजूदगी
समारोह में सिम्स के संयुक्त संचालक एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह, अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति, माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा बारापात्रे, फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. श्रेया टोड़ी, अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. एंटनी राका बेन तथा अस्थि रोग विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संजय कुमार घिल्ली एवं डॉ. सोमेश शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल ने अतिथियों, विषय विशेषज्ञों और आयोजन में सहयोग देने वाले संकाय सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘प्रारंभ–2026’ विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यावसायिक जीवन की महत्वपूर्ण शुरुआत है। इसका उद्देश्य उन्हें संवेदनशील, कुशल और जिम्मेदार फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में तैयार करना है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की शिक्षकगण डॉ. विजया बरवा, डॉ. यामिनी, डॉ. प्रगति दुआ, डॉ. नोकेशमणि भक्त, डॉ. हरनारायण एवं श्री प्रांतिक उपस्थित रहे। समारोह का समापन नई ऊर्जा, उत्साह और फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।
