Latest news

राइस मिलर्स बेलगाम, कलेक्टर का फरमान भी बेअसर,नौ महीने तक सरकारी धान का हिसाब नहीं ले पाया प्रशासन, 66 हजार क्विंटल की कमी ने खोली पोल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
10 Min Read

बैठकों में निर्देश, पत्राचार और निगरानी के लिए टीमों का गठन भी बेअसर; पिछले खरीदी सत्र का चावल जमा कराने में होती रही देरी | नए सत्र की खरीदी शुरू होने के बाद हुई कार्रवाई, दो राइस मिल सील, 20 मिलर्स को नोटिस
बिलासपुर। सरकारी धान की कस्टम मिलिंग में राइस मिलर्स की मनमानी के सामने प्रशासनिक सख्ती कितनी बेअसर रही, इसका खुलासा दो राइस मिलों में हुई जांच ने कर दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर लगातार बैठकें होती रहीं, खाद्य विभाग मिलर्स को पत्र लिखकर चावल जमा कराने के निर्देश देता रहा और निगरानी के लिए स्थानीय स्तर पर अलग-अलग टीमें भी गठित की गईं, लेकिन मिलर्स की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं आया। पिछले खरीदी सत्र 2025-26 में समितियों और संग्रहण केंद्रों से उठाए गए धान के बदले चावल जमा कराने में करीब नौ महीने की देरी होती रही। नए सत्र की धान खरीदी शुरू होने के 11 दिन बाद भी पुराना हिसाब पूरा नहीं हुआ। आखिरकार 26 नवंबर को कराए गए भौतिक सत्यापन में दो राइस मिलों में 66 हजार 66.4 क्विंटल धान कम मिला। कोटा की राजमुनि एग्रो और बहतराई की पार्वती राइस मिल को सील कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं 20 अन्य मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
इस पूरे मामले ने कस्टम मिलिंग की निगरानी व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला दिया है। जब कलेक्टर के स्तर पर समीक्षा और विभागीय स्तर पर लगातार पत्राचार हो रहा था, तब धान के वास्तविक स्टॉक का सत्यापन समय पर क्यों नहीं कराया गया? मिलर्स को चावल जमा कराने के लिए बार-बार निर्देशित करने के बावजूद कार्रवाई की नौबत नए खरीदी सत्र तक क्यों पहुंची? सरकारी धान उठाने के बाद उसके बदले चावल जमा कराने की जिम्मेदारी मिलर्स की है, लेकिन इस जिम्मेदारी का पालन सुनिश्चित कराने में प्रशासनिक तंत्र की नाकामी अब सामने आ रही है।
नौ महीने तक निर्देशों का इंतजार, मिलर्स पर नहीं चला प्रशासन का जोर
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समितियों और संग्रहण केंद्रों से उठाए गए धान के बदले मिलर्स को निर्धारित अनुपात में चावल भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) में जमा कराना था। नियमानुसार नए खरीदी सत्र की शुरुआत से पहले पिछले सत्र का चावल जमा होना जरूरी है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार समीक्षा बैठकें की जाती रहीं। खाद्य विभाग की ओर से मिलर्स को पत्र जारी कर लक्ष्य के अनुरूप चावल जमा कराने के निर्देश दिए जाते रहे। स्थानीय स्तर पर निगरानी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन भी किया गया, ताकि मिलों में उपलब्ध धान और जमा चावल की स्थिति पर नजर रखी जा सके।
इसके बावजूद मिलर्स की ओर से अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। पिछले खरीदी सत्र की प्रक्रिया समाप्त होने के करीब नौ महीने बाद भी चावल जमा कराने का काम पूरा नहीं हो सका। इस दौरान निगरानी टीमों की भूमिका और विभागीय समीक्षा के नतीजों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि नियमित रूप से स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया जा रहा था तो इतनी बड़ी कमी पहले क्यों सामने नहीं आई? और यदि मिलों के वास्तविक स्टॉक की जानकारी अधिकारियों के पास नहीं थी तो निगरानी के लिए गठित टीमों की रिपोर्टिंग किस आधार पर हो रही थी?
दो मिलों में जांच, 66 हजार 66.4 क्विंटल धान कम मिला
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर 26 नवंबर को खाद्य विभाग की टीमों ने दो राइस मिलों का भौतिक सत्यापन किया।
कोटा विकासखंड स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल की जांच सहायक खाद्य अधिकारी अजय कुमार मौर्य तथा खाद्य निरीक्षक आशीष दीवान, ललिता शर्मा और वसुधा राजपूत ने की। मिल परिसर में उपलब्ध धान का सत्यापन करने पर 36 हजार 916.4 क्विंटल धान कम पाया गया।
इसी तरह नगर निगम बिलासपुर क्षेत्र के बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल में खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी तथा खाद्य निरीक्षक मंगेश कांत और वर्षा सिंह ने जांच की। यहां 29 हजार 150 क्विंटल धान की कमी सामने आई।
दोनों मिलों में कुल 66 हजार 66.4 क्विंटल धान कम मिलने पर उन्हें सील कर दिया गया। साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। अब संबंधित मिलर्स को सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज धान और भौतिक सत्यापन में मिले स्टॉक के अंतर का जवाब देना होगा।
68 प्रतिशत चावल जमा करना जरूरी, नए सत्र से पहले पूरी होनी थी प्रक्रिया
कस्टम मिलिंग के तहत मिलर्स को उठाए गए धान के बदले 68 प्रतिशत चावल जमा करने का प्रावधान है। इसमें सेंट्रल पूल के लिए भारतीय खाद्य निगम और स्टेट पूल के लिए नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा कराया जाता है। नान में जमा चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से हितग्राहियों तक पहुंचता है, जबकि एफसीआई में जमा चावल केंद्रीय भंडारण और निर्धारित सरकारी आपूर्ति व्यवस्था के लिए उपयोग होता है।
सेवानिवृत्त सहायक खाद्य अधिकारी एसवी चौहान के अनुसार, नए सत्र की धान खरीदी शुरू होने से पहले पिछले सत्र के धान का चावल जमा हो जाना चाहिए। सेंट्रल पूल में एफसीआई और स्टेट पूल में नान के पास चावल जमा किया जाता है। नान में जमा चावल की आपूर्ति पीडीएस के लिए होती है।
इसके बावजूद पिछले सत्र का चावल जमा कराने में देरी हुई। यह देरी केवल मिलर्स की कार्यप्रणाली ही नहीं, बल्कि समयबद्ध निगरानी और लक्ष्य पूरा कराने की विभागीय व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।
20 मिलर्स को नोटिस, तखतपुर-बिल्हा से बिलासपुर तक की मिलें शामिल
दो राइस मिलों को सील करने के अलावा खाद्य विभाग ने चावल जमा करने में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले 20 अन्य मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें तखतपुर, बिल्हा और बिलासपुर शहर क्षेत्र की मिलें शामिल हैं।
नोटिस पाने वालों में सरदार एग्रो इंडस्ट्रीज, राजमुनि फूड्स, शंकर राइस प्रोडक्ट्स, राजमुनि एग्रो, ओंकार फूड्स, कैलाश राइस दाल मिल, श्री इंडस्ट्रीज, गोयल राइस मिल, नवरंग राइस मिल, बाल कृष्ण फूड्स, श्री रानीसती एग्रोटेक, सांई प्यो इंडस्ट्रीज, लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स, शिव शंकर एग्रो इंडस्ट्रीज, शंकर पोहा उद्योग, सरस्वती एग्रो इंडस्ट्रीज, श्री श्याम एग्रो, सिंग एग्रो एग्रो प्रोडक्ट्स, ओम राइस मिल और रघुबीर राइस मिल शामिल हैं।
इन मिलर्स से चावल जमा करने में हुई देरी और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने के संबंध में जवाब मांगा गया है।
खाद्य नियंत्रक बोले- चावल जमा कराना सर्वोच्च प्राथमिकता
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा कराना सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। लक्ष्य के अनुरूप चावल जमा नहीं करने वाले 20 राइस मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कस्टम मिलिंग और चावल जमा करने के कार्य में लापरवाही बरतने वाले मिलर्स के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि जांच में निर्धारित स्टॉक से धान कम पाए जाने पर दो राइस मिलों को सील किया गया है। धान खरीदी शुरू होने से पहले चावल जमा करने के संबंध में मार्कफेड से जानकारी ली जा सकती है। वहीं पीडीएस की जरूरत के लिए दिसंबर तक का चावल स्टॉक उपलब्ध होने की बात भी कही।
मार्कफेड ने भी स्वीकार की देरी, इस बार ज्यादा खिंचा मामला
मार्कफेड के डीएमओ उपेंद्र खांडे ने स्वीकार किया कि नए सत्र की धान खरीदी शुरू होने से पहले चावल जमा करने का प्रावधान है, लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों से इस प्रक्रिया में देरी हो रही है। इस बार देरी कुछ ज्यादा हुई है। हालांकि उनके मुताबिक, 80 प्रतिशत चावल एफसीआई में जमा किया जा चुका है।
अब जवाबदेही तय करने की बारी
दो राइस मिलों में 66 हजार 66.4 क्विंटल धान की कमी और 20 अन्य मिलर्स को नोटिस जारी होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कस्टम मिलिंग की निगरानी में नौ महीने तक हुई देरी के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी। कलेक्टर के निर्देशों के बावजूद मिलर्स समय पर चावल जमा नहीं कर पाए, स्थानीय निगरानी टीमें स्टॉक की स्थिति समय रहते सामने नहीं ला सकीं और विभागीय समीक्षा के बाद भी कार्रवाई नए खरीदी सत्र तक टलती रही। अब दो मिलों को सील करने और नोटिस जारी करने से आगे बढ़कर यह स्पष्ट होना बाकी है कि सरकारी धान का पूरा हिसाब कब तक सामने आएगा और निगरानी व्यवस्था में हुई चूक की जवाबदेही किस स्तर पर तय होगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।