बिलासपुर। बिलासपुर-सीपत रोड स्थित चावला ग्रीन्स में 10 सितंबर को कांग्रेस का संभाग स्तरीय ब्लॉक अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेता शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव तथा असम प्रभारी भूपेश बघेल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज प्रशिक्षण शिविर में शिरकत करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सुबह 11:30 बजे चावला ग्रीन्स पहुंचेंगे। दोनों नेता शिविर में शामिल होकर ब्लॉक अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर करीब 1:30 बजे प्रशिक्षण शिविर में पहुंचेंगे। वे शाम 4 बजे तक कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। इसके बाद चावला ग्रीन्स से भिलाई निवास के लिए रवाना होंगे।
संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर
संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में ब्लॉक स्तर पर संगठन को और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर पदाधिकारियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिए जाने की उम्मीद है। कार्यक्रम में संभाग के विभिन्न जिलों से कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अभय नारायण राय ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में होने वाला यह प्रशिक्षण शिविर संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।



