स्व. श्रीचंद मनूजा स्मृति बैल दौड़ एवं साज-सज्जा प्रतियोगिता आज शाम 4 बजे, लोक कलाकार मनभौरा लालजी श्रीवास और टीम देंगे प्रस्तुति
बिलासपुर, 9 सितंबर। लोक पर्व पोला के अवसर पर शहर में छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा का रंग देखने को मिलेगा। आदर्श युवा मंच बिलासपुर की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित स्व. श्रीचंद मनूजा स्मृति बैल दौड़ एवं बैल साज-सज्जा प्रतियोगिता इस बार 10 सितंबर, गुरुवार को शाम 4 बजे रपटा चौपाटी विसर्जन स्थल पचरीघाट के पास हैप्पी स्ट्रीट में होगी।
कार्यक्रम में तखतपुर विधायक ठाकुर धरमजीत सिंह मुख्य अतिथि होंगे। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इनके अलावा सामाजिक, किसान और व्यापारी प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
सजे-धजे बैल दिखाएंगे दम
आदर्श युवा मंच के अध्यक्ष महेश दुबे ने बताया कि पोला पर्व किसानों और उनके पशुधन के प्रति सम्मान एवं प्रेम का प्रतीक है। प्रतियोगिता के दौरान बैल दौड़ के साथ बैलों की साज-सज्जा भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही किसानों का भी अतिथियों द्वारा सम्मान किया जाएगा।
लोक कला की प्रस्तुति बनेगी आकर्षण
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध लोक कला मंच मनभौरा लालजी श्रीवास एवं टीम सांस्कृतिक प्रस्तुति देगा। इससे पोला पर्व के पारंपरिक उत्सव में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
बैलों से बढ़ती दूरी, परंपरा बचाने की पहल
महेश दुबे ने कहा कि आधुनिकीकरण के दौर में खेती में बैलों की जगह ट्रैक्टर ने ले ली है। ऐसे में किसानों के सच्चे साथी रहे बैलों से बढ़ती दूरी और धीरे-धीरे लुप्त होती परंपराओं को फिर से जीवंत करने का प्रयास आदर्श युवा मंच की ओर से किया जा रहा है। पोला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और पशुओं के प्रति संवेदना का प्रतीक है।
मैदान खराब होने से इस बार बदला स्थान
गौरतलब है कि यह प्रतियोगिता हर वर्ष लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित होती रही है। इस बार मैदान की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण आयोजन स्थल बदलकर हैप्पी स्ट्रीट, पचरीघाट के पास किया गया है। आदर्श युवा मंच ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर छत्तीसगढ़ी संस्कृति और इस परंपरा को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने की अपील की है।
कार्यक्रम एक नजर में
आयोजन: स्व. श्रीचंद मनूजा स्मृति बैल दौड़ एवं बैल साज-सज्जा प्रतियोगिता
दिन: 10 सितंबर, गुरुवार
समय: शाम 4 बजे
स्थान: हैप्पी स्ट्रीट, रपटा चौपाटी विसर्जन स्थल, पचरीघाट के पास



