





सोमवार सुबह दोस्तों के साथ नहाने उतरा था युवक, एसडीआरएफ ने करीब साढ़े छह घंटे बाद निकाला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
बिलासपुर। सोमवार सुबह दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया 32 वर्षीय युवक औरापानी जलाशय में डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन गहरे पानी में जाने के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोपहर करीब एक बजे युवक का शव जलाशय से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार नया सरकंडा गली नंबर-4 निवासी ऋषभ देव (32) पिता ओमप्रकाश देव सोमवार सुबह अपने दोस्तों अभिषेक जायसवाल (दीनदयाल कॉलोनी, मंगला), राकेश साहू (बृहस्पति बाजार), दीपक जायसवाल (गांधी चौक, मधुबन), कुशल टेक्नो (टीपूपारा, तारबाहर) और बिट्टू अली (धुरीपारा, मंगला) के साथ औरापानी जलाशय पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सुबह करीब 6:30 बजे सभी दोस्त जलाशय में नहाने उतरे। इसी दौरान ऋषभ अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
साथियों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वे कुछ ही क्षणों में आंखों से ओझल हो गए। घटना की सूचना तुरंत कोटा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कई घंटे तक जलाशय में सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार दोपहर करीब एक बजे ऋषभ का शव पानी से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही मौके पर मौजूद दोस्तों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सुबह तक साथ में पिकनिक की योजना बना रहे दोस्त कुछ ही घंटों बाद अपने साथी को अंतिम विदाई देने की स्थिति में पहुंच गए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
बरसात में जलाशय बने जानलेवा
बरसात के मौसम में जलाशयों और बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ जाता है। कई स्थानों पर गहराई का सही अनुमान नहीं लग पाता और पानी के भीतर तेज बहाव भी रहता है। ऐसे में जलाशयों में नहाना या गहरे पानी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन भी लगातार लोगों से ऐसे स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील करता रहा है।



