
बिलासपुर |
भारतीय जनता पार्टी के आर्थिक प्रकोष्ठ (आर्थिक मोर्चा) की जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। जिला संयोजक बलदेव अग्रवाल ने नई कार्यकारिणी जारी करते हुए कुल 26 पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी हैं। संगठन ने नई टीम के माध्यम से आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनसंपर्क एवं डिजिटल माध्यमों से पार्टी की पहुंच मजबूत करने पर जोर दिया है।
नई कार्यकारिणी में भाजपा उत्तर मंडल सरकंडा से जुड़े कार्यकर्ता विनोद सिंह ठाकुर को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए भाजपा जिला आर्थिक प्रकोष्ठ (शहर) का सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। विनोद सिंह ठाकुर वार्ड क्रमांक-66, पुराना सरकंडा, मेघदूत नगर, बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
जिला संयोजक बलदेव अग्रवाल ने बताया कि नई कार्यकारिणी में अनुभवी एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और जनसंपर्क को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ-साथ आर्थिक प्रकोष्ठ की गतिविधियों को भी नई गति देंगे।
विनोद सिंह ठाकुर की नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सोशल मीडिया के क्षेत्र में उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण का लाभ पार्टी को मिलेगा तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संगठन की उपस्थिति और अधिक मजबूत होगी।
भाजपा संगठन का मानना है कि नई जिला कार्यकारिणी के गठन से आर्थिक प्रकोष्ठ की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और पार्टी के कार्यक्रमों, अभियानों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा सकेगा।




