Latest news

मछली चोरी के VIDEO से शुरू हुई दुश्मनी… रात के अंधेरे में स्कॉर्पियो से घेरकर युवक की हत्या, साथी जान बचाकर भागा; बिलासपुर में सनसनी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

बिलासपुर/रतनपुर। मछली चोरी का एक वीडियो… टूटा हुआ मोबाइल… थाने में शिकायत… समझौते के बाद भी खत्म नहीं हुई रंजिश… और आखिरकार शनिवार रात उसी विवाद ने खूनी अंजाम ले लिया। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में घात लगाकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने स्कार्पियो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपी फरार हैं।
जानकारी के मुताबिक, कर्रा निवासी तीरिथ यादव और श्याम सिंह खुंटाघाट बांध के पास चौकीदारी का काम करते थे। शनिवार रात करीब 9 बजे दोनों अपनी हीरो मोटरसाइकिल (CG 10 EF 7425) से कर्रा से खुंटाघाट की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे नवागांव के पास पहुंचे, तभी सफेद रंग की स्कॉर्पियो (CG 12 R 1197) में सवार गोलू धीवर, अनीश धीवर समेत करीब आधा दर्जन लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो में आए लोगों ने तीरिथ यादव पर हमला बोल दिया। हमले में तीरिथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद श्याम सिंह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और घटना की जानकारी लोगों तक पहुंची।

SDOP नूपुर उपाध्याय ने क्या कहा
रतनपुर एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि हत्या मामले में कार्रवाई करते हुए स्कार्पियो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से गंभीरता से जांच जारी है।

एक VIDEO बना हत्या की वजह!
पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों के आरोपों के मुताबिक, कुछ समय पहले तीरिथ यादव ने कथित रूप से गोलू धीवर को मछली चोरी करते हुए पकड़ लिया था। इतना ही नहीं, उसने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था।
बताया जाता है कि इसी बात से नाराज होकर गोलू ने तीरिथ का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था। मामले की शिकायत रतनपुर थाने तक पहुंची थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था। मोबाइल बनवाने के लिए गोलू द्वारा एक हजार रुपये देने की भी बात सामने आई है।
हालांकि समझौते के बावजूद दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव और तनाव खत्म नहीं हुआ। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि उसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए शनिवार रात सुनियोजित तरीके से घात लगाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
वारदात के बाद गांव में दहशत, मौके पर उमड़ी भीड़
हत्या की खबर फैलते ही नवागांव समेत आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
स्कॉर्पियो सवार आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान कर ली गई है। गोलू धीवर, अनीश धीवर समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच जारी है।
हाइलाइट्स
रतनपुर थाना क्षेत्र के नवागांव में शनिवार रात वारदात।
मछली चोरी के कथित वीडियो को लेकर पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह।
कर्रा निवासी तीरिथ यादव की हत्या, साथी श्याम सिंह बचकर भागा।
सफेद स्कॉर्पियो (CG 12 R 1197) से पहुंचे थे आरोपी।
पहले मोबाइल तोड़ने और थाने में शिकायत के बाद हुआ था समझौता।
परिजनों का आरोप- पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के लिए रची गई साजिश।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश शुरू की।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।