Latest news

कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमले के विरोध में कश्यप समाज का बड़ा एक्शन, एसपी को सौंपा ज्ञापन; बोले– हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो बढ़ेगा जनआक्रोश

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read


कांग्रेस नेता पर हमले के बाद समाज खुलकर आया सामने, निष्पक्ष जांच, कड़ी कार्रवाई और कानून-व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग
बिलासपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कश्यप कुशवाहा (काछी) समाज के संस्थापक सदस्य श्याम कश्यप पर हुए जानलेवा हमले के मामले ने अब सामाजिक स्वरूप भी ले लिया है। पहले कांग्रेस संगठन ने इस हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया था, वहीं अब कश्यप कुशवाहा (काछी) समाज, बिलासपुर भी खुलकर पीड़ित नेता के समर्थन में सामने आ गया है। मंगलवार को समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी के साथ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की।
समाज ने इस हमले को केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली गंभीर घटना बताया। ज्ञापन में कहा गया कि यदि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई नहीं होती है तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे तथा आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ेगी।
चार जुलाई की घटना से समाज में भारी आक्रोश
समाज के अध्यक्ष सहदेव कश्यप ने कहा कि चार जुलाई को वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर हुआ जानलेवा हमला बेहद चिंताजनक है। इस घटना से पूरे कश्यप समाज के साथ-साथ शहर के नागरिकों, व्यापारिक वर्ग और सामाजिक संगठनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि खुलेआम इस प्रकार की हिंसक वारदातें कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने कहा कि समाज किसी भी कीमत पर अपराधियों को संरक्षण मिलने या मामले को कमजोर पड़ने नहीं देगा। दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई ही पीड़ित परिवार तथा समाज को न्याय दिला सकती है।


एसपी से की चार प्रमुख मांगें
ज्ञापन के माध्यम से समाज ने पुलिस प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं—
श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला करने वाले सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी।
पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर साजिश में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई।
आरोपियों पर कठोरतम कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बिलासपुर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
न्याय व्यवस्था पर भरोसा बनाए रखने की अपील
कश्यप कुशवाहा (काछी) समाज ने पुलिस प्रशासन पर विश्वास जताते हुए कहा कि इस गंभीर मामले में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी तथा सभी दोषियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा। समाज ने कहा कि इससे आम जनता का न्याय व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर विश्वास मजबूत होगा।
पहले कांग्रेस ने भी खोला था मोर्चा
गौरतलब है कि चार जुलाई की सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर तीन अज्ञात हमलावरों ने डंडों और नुकीले हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया था। इस घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहले ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। अब कश्यप समाज के खुलकर सामने आने से मामले ने और अधिक तूल पकड़ लिया है।
अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
लगातार बढ़ते राजनीतिक और सामाजिक दबाव के बीच अब सभी की निगाहें बिलासपुर पुलिस की जांच और कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। शहर में चर्चा है कि यदि जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन और विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिल सकते हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।