कहा- कांग्रेस शासन में विकसित देशों से होती थी भारत की तुलना, अब पाकिस्तान से तुलना कर रही भाजपा
बिलासपुर। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा है। कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने भाजपा की हालिया प्रेस वार्ता पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भारत की तुलना विकसित देशों से की जाती थी, लेकिन अब भाजपा नेता खुद भारत की तुलना पाकिस्तान जैसे संघर्षशील देश से करने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि देश में महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही एक जुलाई से घरेलू और कमर्शियल बिजली की दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ोतरी की तैयारी है, जिससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।
पाकिस्तान से तुलना करना हास्यास्पद : विजय
विजय पांडेय ने कहा कि सबसे अधिक आश्चर्य की बात यह है कि जनता के वोट से चुने गए बड़े पदों पर बैठे जनप्रतिनिधि, जिनमें उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक, महापौर और प्रदेश के अन्य जिम्मेदार पदाधिकारी शामिल हैं, बढ़ती महंगाई को उचित ठहराने के लिए पाकिस्तान जैसे देश के पेट्रोल-डीजल मूल्यों का उदाहरण दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की तुलना विकसित और प्रगतिशील देशों से होनी चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि इंडोनेशिया जैसे देश में आज भी भारतीय मुद्रा के हिसाब से पेट्रोल की कीमत लगभग 55 से 60 रुपये प्रति लीटर है।
बिलासपुर एयरपोर्ट पर भी साधा निशाना
पूर्व शहर अध्यक्ष ने बिलासपुर एयरपोर्ट से बड़े विमानों के संचालन को लेकर भाजपा नेताओं के दावों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े बयान देने से एयरपोर्ट का विकास नहीं होगा। केंद्र और राज्य दोनों जगह लंबे समय से भाजपा की सरकार है, लेकिन वास्तविकता यह है कि बिलासपुर से हवाई सेवा की शुरुआत कांग्रेस शासनकाल में हुई थी।
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट को 4-सी कैटेगरी दिलाने के लिए रनवे की लंबाई बढ़ाना आवश्यक है और यह काम प्रेस कॉन्फ्रेंस या भाषणों से नहीं, बल्कि ठोस प्रशासनिक और राजनीतिक पहल से होगा।
केंद्र और राज्य के प्रतिनिधि गंभीरता दिखाएं
विजय पांडेय ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री Tokhan Sahu और उप मुख्यमंत्री Arun Sao यदि प्रधानमंत्री Narendra Modi, केंद्रीय उड्डयन मंत्री और मुख्यमंत्री के समक्ष गंभीरता और मजबूती से बिलासपुर एयरपोर्ट की मांग रखें तो छह माह के भीतर 4-सी कैटेगरी का रास्ता साफ हो सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन मंचों पर बिलासपुर के हितों की बात मजबूती से रखी जानी चाहिए, वहां ऐसा नहीं किया जाता, जबकि सार्वजनिक कार्यक्रमों और प्रेस वार्ताओं में केवल बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं।
नियमित हवाई सेवा शुरू होने पर पूरी होगी वर्षों की मांग
विजय पांडेय ने कहा कि बिलासपुर से नियमित और व्यापक हवाई सेवाएं शुरू होना शहरवासियों और हवाई सेवा समिति के लंबे संघर्ष का परिणाम होगा। उन्होंने कहा कि जब वास्तव में बड़े विमानों का संचालन शुरू होगा, तभी जनता की अपेक्षाएं पूरी होंगी और वर्षों से चल रही मांग को सफलता मिलेगी।



