Latest news

हाईवे पर डीजल लूट का सिंडिकेट बेनकाब, स्कॉर्पियो-ट्राइबर से ट्रकों को बनाते थे निशाना, बिलासपुर पुलिस ने दबोचे 3 शातिर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी और लूटपाट की लगातार बढ़ती वारदातों के बीच बिलासपुर पुलिस ने अंतरजिला स्तर पर सक्रिय एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिरगिट्टी और कोनी थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, धारदार चाकू, नगदी रकम और 74 लीटर डीजल बरामद किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी रात के अंधेरे में हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाते थे। डीजल टंकी तोड़कर सैकड़ों लीटर डीजल निकालते और विरोध करने पर मारपीट तक करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर समेत कई जिलों में इसी तरह की वारदातें करना स्वीकार किया है।
ऐसे खुला डीजल लूट गिरोह का राज
मामला सबसे पहले 18 मई 2026 को सामने आया, जब सिरगिट्टी स्थित बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े वाहन से डीजल चोरी करते समय आरोपियों ने विरोध करने वाले व्यक्ति से मारपीट कर दी। इसके बाद 24 मई को कोनी थाना क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक CG 10 BL 8136 की डीजल टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल लूट लिया गया।
इसी तरह 28 मार्च 2026 को ग्राम सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर CG 04 BS 9548 से करीब 270 लीटर डीजल चोरी हुआ था। लगातार सामने आ रही वारदातों के बाद पुलिस ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पुराने मामलों का विश्लेषण किया। लगातार रेड कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
संजय कुमार कुर्रे (30), निवासी बगडबरी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा
मणीशंकर कुर्रे (24), निवासी बगडबरी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा
अमित भारद्वाज (29), निवासी बगडबरी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा
पूछताछ में कई जिलों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन से रात में हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाते थे। आरोपियों ने बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और कोनी हाईवे क्षेत्र में भी वारदातें करना कबूला है।
आरोपियों से क्या-क्या मिला
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से –
घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन
रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन
एक धारदार चाकू
कुल 2600 रुपए नगद
74 लीटर डीजल
बरामद किया है।
कोनी के दो और मामलों में भी निकला लिंक
जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता थाना कोनी के अपराध क्रमांक 264/2026 और 119/2026 में भी पाई गई। इसके बाद दोनों मामलों में भी आरोपियों की विधिवत गिरफ्तारी की गई।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के बाकी सदस्यों की पहचान हो चुकी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार कार्रवाई कर रही है और जल्द पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने का दावा किया जा रहा है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।