Latest news

माँ महामाया की ध्वजा यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, रमतला में विधायक सुशांत शुक्ला को लड्डुओं से तौला

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

पांचवें दिन सेमरताल से लोफन्दी तक जगह-जगह स्वागत, गतौरी में जेसीबी से हुई पुष्पवर्षा; भदोरियाखार और सेंदरी में जैतखाम पर चढ़ाई श्वेत ध्वजा


बिलासपुर। माँ महामाया की भक्ति और जयकारों से बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के गांव भक्तिमय हो उठे हैं। विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही शारदीय नवरात्रि ध्वजा यात्रा के पांचवें दिन सेमरताल से लोफन्दी तक श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। गांव-गांव में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने यात्रा का स्वागत किया। कहीं जेसीबी से पुष्पवर्षा की गई, तो कहीं माता की झांकी निकाली गई। रमतला में युवाओं ने विधायक सुशांत शुक्ला को लड्डुओं से तौलकर अभिनंदन किया। वहीं, भदोरियाखार और सेंदरी में गुरु घासीदास बाबा के जैतखाम पर श्वेत ध्वजा (पालो) अर्पित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। पांचवें दिन की यात्रा का समापन लोफन्दी में हुआ, जहां रात में चंदन यादव की टीम ने माता का जगराता प्रस्तुत किया।
सेमरताल में महिलाओं और ग्रामीणों ने किया स्वागत
ध्वजा यात्रा के पांचवें दिन की शुरुआत सेमरताल से हुई। सरपंच धनेत्तर सूर्यवंशी के नेतृत्व में महिलाओं और ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। मातृशक्ति की भागीदारी और ग्रामीणों के उत्साह के बीच माँ महामाया के जयकारे गूंजते रहे। स्वागत के बाद यात्रा अगले पड़ाव की ओर रवाना हुई।
गतौरी में जेसीबी से बरसाए फूल
सेमरताल से आगे बढ़कर यात्रा गतौरी पहुंची। यहां सरपंच नंदू मरकाम, दिनेश सिंह ठाकुर, राजा ठाकुर सहित ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान जेसीबी के माध्यम से पुष्पवर्षा की गई। फूलों की वर्षा और माता के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की।
भदोरियाखार में जैतखाम पर चढ़ाई श्वेत ध्वजा
यात्रा के दौरान भदोरियाखार में पूज्य गुरु घासीदास बाबा के जैतखाम पर श्वेत ध्वजा (पालो) अर्पित की गई। इस धार्मिक आयोजन के जरिए आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ धार्मिक परंपरा में भाग लिया।
रमतला में लड्डुओं से तौले गए विधायक, बच्चों ने निकाली माता की झांकी
ध्वजा यात्रा का रमतला पहुंचने पर विशेष स्वागत किया गया। यहां युवाओं ने विधायक सुशांत शुक्ला को लड्डुओं से तौलकर उनका अभिनंदन किया। स्वागत का यह अनूठा अंदाज आकर्षण का केंद्र रहा।
इसी दौरान बच्चों और महिलाओं ने माता रानी की विशेष झांकी निकाली। धार्मिक प्रस्तुति और श्रद्धालुओं की भागीदारी से गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। ग्रामीणों ने माता के जयकारों के साथ यात्रा का स्वागत किया।
सेंदरी में माता सेंदुरा को अर्पित की ध्वजा
रमतला से आगे बढ़कर यात्रा सेंदरी पहुंची। यहां माता सेंदुरा को श्रद्धापूर्वक ध्वजा अर्पित की गई। इसके साथ ही गांव में स्थित गुरु घासीदास बाबा के जैतखाम पर श्वेत ध्वजा (पालो) चढ़ाई गई। धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ आस्था और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। इसके बाद ध्वजा यात्रा कछार होते हुए लोफन्दी पहुंची।
लोफन्दी में चंदन यादव की टीम ने किया जगराता
पांचवें दिन की यात्रा का समापन लोफन्दी में रात्रि विश्राम के साथ हुआ। रात में लोकगायक चंदन यादव की टीम ने माता के जगराते की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों और मधुर भजनों के बीच श्रद्धालु देर तक भक्तिरस में डूबे रहे। माता के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। दिनभर की यात्रा के बाद जगराते ने आयोजन में भक्ति और उत्साह का रंग भर दिया।
छठवें दिन लोफन्दी से रानीगांव पहुंचेगी यात्रा
ध्वजा यात्रा के छठवें दिन लोफन्दी से प्रस्थान कर यात्रा लक्षनपुर, पेंडरवा और गोंदइया होते हुए रानीगांव पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम का कार्यक्रम निर्धारित है। यात्रा को लेकर अगले पड़ावों के गांवों में भी उत्साह बना हुआ है। श्रद्धालु माँ महामाया की ध्वजा यात्रा के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं।
गांव-गांव में मिल रहा जनसमर्थन
विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही ध्वजा यात्रा धार्मिक आस्था के साथ ग्राम्य परंपराओं और सामाजिक समरसता को जोड़ने का माध्यम बन रही है। यात्रा के दौरान ग्रामीणों की भागीदारी, युवाओं का उत्साह और महिलाओं की सक्रिय उपस्थिति देखने को मिल रही है। विभिन्न गांवों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हो रहे स्वागत से माँ महामाया के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था प्रदर्शित हो रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।