बिना पास दौड़ रही थीं हाईवा, चालक सड़क पर वाहन छोड़ भागा… अवैध उत्खनन पर खनिज विभाग की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई


बिलासपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और रेत माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा शिकंजा कसते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश और उप संचालक खनिज प्रशासन किशोर गोलघाटे के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान में 2 पोकलेन मशीन, 1 जेसीबी और 20 वाहनों को जब्त किया गया है। कार्रवाई के बाद अवैध उत्खनन से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग की टीम ने सीपत क्षेत्र के ग्राम महमंद में वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान बिना वैध अभिवहन पास के रेत परिवहन करते दो हाईवा पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान एक चालक वाहन को बीच सड़क में छोड़कर चाबी लेकर फरार हो गया। प्रशासन ने वाहन मालिक को तत्काल सूचना दी, लेकिन उसके उपस्थित नहीं होने पर थाना तोरवा में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।
14 दिन में 20 वाहन जब्त, कई इलाकों में चला अभियान
खनिज विभाग ने 7 मई से 20 मई 2026 के बीच जिले के चकरभाठा, बोदरी, सकरी, बेलगहना, रतनखण्डी, करहीकछार, सलका, पोड़ी, महमंद, लालखदान, मंगला, मस्तूरी, चौरमट्टी और लखराम सहित कई क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया। जांच में अवैध परिवहन और उत्खनन के कुल 20 प्रकरण सामने आए।
कार्रवाई में—
अवैध रेत परिवहन के 14 मामले
मुरूम परिवहन का 1 मामला
चूनापत्थर के 2 मामले
मिट्टी और ईंट परिवहन के 3 मामले दर्ज किए गए।
खनिज विभाग ने 12 हाईवा, 7 ट्रैक्टर और 1 माजदा वाहन जब्त कर उन्हें थाना सकरी, चकरभाठा, कोटा, सरकण्डा और जांच चौकी लावर में सुरक्षित रखा है।
स्वीकृत क्षेत्र छोड़ अवैध उत्खनन कर रहे थे माफिया
जांच के दौरान ग्राम सोढ़खुर्द और करहीकछार में स्वीकृत क्षेत्र के बाहर रेत उत्खनन करते हुए 2 पोकलेन मशीनें पकड़ी गईं। वहीं चौरमट्टी क्षेत्र में मुरूम के अवैध उत्खनन में लगी एक जेसीबी मशीन भी जब्त की गई। अधिकारियों का कहना है कि कई क्षेत्रों में नियमों को ताक पर रखकर खनिज माफिया लगातार अवैध उत्खनन कर रहे थे, जिन पर अब सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
टास्क फोर्स को कलेक्टर का सख्त निर्देश
खनिज विभाग के अनुसार जिले में रेत, मुरूम और अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन व परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर द्वारा गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स टीम को भी लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि आने वाले दिनों में अवैध खनन के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

