
जापान में तिरंगा थामे उतरेगा छत्तीसगढ़ का बेटा, बिलासपुर के अवि मानिकपुरी ने रचा इतिहास
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ और बिलासपुर के लिए गर्व का बड़ा क्षण सामने आया है। बिलासपुर शहर के होनहार हॉकी खिलाड़ी अवि मानिकपुरी का चयन भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम में हुआ है, जो आगामी Men’s U-18 Asia Cup 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करेगी। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 29 मई से 6 जून 2026 तक जापान के काकामिगाहारा शहर में आयोजित होगा। भारतीय टीम में जगह बनाकर अवि ने न सिर्फ अपने परिवार और कोच समीर दाद का सपना पूरा किया है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।
इस उपलब्धि के बाद बिलासपुर में खेल प्रेमियों, हॉकी खिलाड़ियों और सामाजिक संगठनों में उत्साह का माहौल है। शहर के युवा खिलाड़ी अवि मानिकपुरी अब भारतीय जर्सी में एशियाई हॉकी मंच पर नजर आएंगे।
संघर्ष, मेहनत और जुनून ने दिलाई टीम इंडिया की जर्सी
अवि मानिकपुरी के पिता जितेंद्र मानिकपुरी और माता शशिकल मानिकपुरी लंबे समय से अपने बेटे को राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनाने के लिए प्रेरित करते रहे। परिवार के सहयोग और लगातार अभ्यास ने अवि को इस मुकाम तक पहुंचाया। स्थानीय स्तर से शुरुआत कर राष्ट्रीय चयन शिविर तक का सफर आसान नहीं था, लेकिन अवि ने हर चुनौती को अवसर में बदला।
उनके कोच समीर दाद ने कहा कि अवि शुरू से ही अनुशासित और आक्रामक खेल शैली के खिलाड़ी रहे हैं। मैदान पर उनकी फिटनेस, डिफेंस में पकड़ और तेज निर्णय क्षमता ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज में दिखाया दम, फिर मिला एशिया कप का टिकट
हॉकी इंडिया ने एशिया कप से पहले भोपाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाई-इंटेंसिटी सीरीज आयोजित की थी। इसी कैंप और प्रदर्शन के आधार पर अंतिम टीम का चयन किया गया। चयन से पहले खिलाड़ियों की फिटनेस, मैच अवेयरनेस और दबाव में प्रदर्शन को परखा गया।
भारतीय अंडर-18 टीम की कप्तानी केतन कुशवाहा को सौंपी गई है, जबकि अवि मानिकपुरी को डिफेंडर के रूप में टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय टीम में चयनित खिलाड़ी
गोलकीपर:
सावन कुमार, आयुष राजक
डिफेंडर्स:
अंश बहुत्रा, अरमान सोरेंग, आशीष तानी पूर्ति, अर्शदीप सिंह, अवि मानिकपुरी, रोमित पाल
मिडफील्डर्स:
राहुल यादव, प्रेमचंद सोय, वरिंदर सिंह, करण गौतम, सिद्धार्थ बेन
फॉरवर्ड्स:
केतन कुशवाहा (कप्तान), आकाश दीप, गाजी खान, शाहरुख अली, प्रह्लाद राजभर
जापान में होगा एशिया का महामुकाबला
Men’s U-18 Asia Cup 2026 का आयोजन जापान हॉकी एसोसिएशन और एशियन हॉकी फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला जापान, दक्षिण कोरिया, चीनी ताइपे और कजाकिस्तान जैसी मजबूत टीमों से होगा। टूर्नामेंट जापान के कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज हॉकी स्टेडियम में खेलाजाएगा
बिलासपुर के खिलाड़ियों के लिए बने प्रेरणा
अवि मानिकपुरी का भारतीय टीम में चयन केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं माना जा रहा, बल्कि यह बिलासपुर और छत्तीसगढ़ की हॉकी प्रतिभा की बड़ी पहचान बनकर उभरा है। खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि अवि की सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की प्रेरणा देगी।
शहर में लगातार मिल रही बधाइयों के बीच अब सभी की निगाहें जापान में होने वाले मुकाबलों पर टिक गई हैं, जहां बिलासपुर का यह युवा खिलाड़ी तिरंगे के लिए मैदान में पसीना बहाता नजर आएगा।

