Latest news

स्वामी श्रीरामभद्राचार्य के आगमन से भक्तिमय हुआ रामा वर्ल्ड, चरण-पादुका पूजन में उमड़ी आस्था

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

समाजसेवी प्रवीण झा के निवास ‘एवमस्तु’ में भजन-कीर्तन, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद
बिलासपुर। न्यायधानी में बुधवार को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब स्वामी श्रीरामभद्राचार्य का आगमन रामा वर्ल्ड स्थित समाजसेवी प्रवीण झा के निवास ‘एवमस्तु’ में हुआ। सुबह 9 बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी और पूरा परिसर रामनाम, भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा।
भव्य स्वागत के बीच पुष्पवर्षा, तिलक और श्रीराम स्तुति के साथ संत का अभिनंदन किया गया। इसके बाद चरण-पादुका पूजन का दिव्य आयोजन हुआ, जिसमें प्रवीण झा ने सपत्नीक पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने भी बारी-बारी से पूजन कर आध्यात्मिक अनुभूति का अनुभव किया।
भक्ति में डूबा रहा पूरा परिसर
रामा वर्ल्ड का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों ने माहौल को और भी आध्यात्मिक बना दिया। हर ओर “जय श्रीराम” के जयकारों के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर दिखे।
स्वामी जी ने अपने संबोधन में कहा कि जिस घर में संस्कार, सेवा और श्रद्धा का दीप जलता है, वहां ईश्वर का वास होता है। उन्होंने परिवार और समाज के प्रति समर्पण को ही सच्ची साधना बताया और प्रवीण झा परिवार की आस्था व सेवा कार्यों की सराहना की।
परिवार संग आत्मीय संवाद
इस दौरान स्वामी जी ने प्रवीण झा से पारिवारिक और सामाजिक विषयों पर आत्मीय चर्चा की। उनके दोनों पुत्रों ने भी चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। आयोजन के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
कौन हैं स्वामी श्रीरामभद्राचार्य
स्वामी श्रीरामभद्राचार्य देश के सुप्रसिद्ध संत, रामकथा व्यास और आध्यात्मिक चिंतक हैं। वे भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और मानव सेवा को जीवन का आधार मानते हैं। देशभर में उनके प्रवचन लाखों लोगों को धर्म, संस्कार और सकारात्मक जीवन की प्रेरणा देते हैं। सरल व्यक्तित्व और प्रभावशाली वाणी के कारण वे हर वर्ग में विशेष सम्मान प्राप्त करते हैं।
मेरे जीवन का अविस्मरणीय क्षण – प्रवीण झा
समाजसेवी प्रवीण झा ने कहा कि स्वामी जी का उनके निवास पर आगमन उनके परिवार के लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक उपलब्धि है। चरण-पादुका पूजन के दौरान मिली आत्मिक शांति को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि संतों का सानिध्य जीवन को संस्कार और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
मन को मिली अद्भुत शांति – रौशन सिंह
सामाजिक कार्यकर्ता व भाजयुमो नेता रौशन सिंह ने कहा कि स्वामी जी के दर्शन मात्र से मन को अद्भुत शांति मिली। उनके अनुसार सेवा और विनम्रता का संदेश जीवन को नई दिशा देता है।
संतों का सानिध्य दुर्लभ – रामप्रताप सिंह
रामप्रताप सिंह ने कहा कि स्वामी जी का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण अनुभवों में शामिल हो गया है। उनकी वाणी सीधे हृदय को स्पर्श करती है और समाज में सकारात्मक सोच को मजबूत करती है।
महिलाओं व बच्चों में दिखा खास उत्साह
आयोजन को लेकर महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह रहा। पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं और पूजन-अर्चना में शामिल हुईं। बच्चों ने भी संत के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पूरा माहौल अनुशासित, भक्तिमय और भावनात्मक रहा।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
आयोजन में एसईसीएल के सीवीओ हिमांशु जैन, रामप्रताप सिंह, रौशन सिंह, ललित पुजारा, विकास केजरीवाल, विनोद मित्तल, गणेश गिरी, रोहित अग्रवाल, विक्की अग्रवाल, ए.के. कंठ, अशोक झा, राजा अवस्थी, हरिशंकर कुशवाहा, चंद्र किशोर प्रसाद, अजीत पंडित, शैलेंद्र सिंह, राजीव गिरी, सोनवान सिंह यादव, सन्नी गिरी, मुकेश झा, प्रवीण भट्टाचार्य, शशि मिश्रा, मिथिलेश ठाकुर, ए.के. पांडे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।