Latest news

बच्चों ने कहा धन्यवाद बिल्हा विधायक धरम जी ….अब बारिश में भीगकर प्रार्थना नहीं करेंगे सिरगिट्टी स्कूल के बच्चे, गंदे पानी से  होकर कक्षाओं तक पहुंचने की मजबूरी भी होगी खत्म

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
6 Min Read

विधायक धरमलाल कौशिक की पहल पर स्कूल में बनेगा शेड, जलभराव रोकने अलग से बनेगी नाली और नाला; निर्माण कार्यों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति, 13 करोड़ के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बाद सिरगिट्टी को एक और सौगात
बिलासपुर। बारिश शुरू होते ही सिरगिट्टी हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ जाती थीं। स्कूल में शेड नहीं होने के कारण बच्चों को बारिश के बीच ही प्रार्थना में शामिल होना पड़ता था। वहीं, स्कूल परिसर से होकर गुजरने वाले नाले और समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी परिसर में भर जाता था। हालात ऐसे बनते थे कि विद्यार्थियों और शिक्षकों को गंदे पानी से होकर अपनी कक्षाओं तक पहुंचना पड़ता था। लेकिन अब बच्चों को इन परेशानियों से राहत मिलने वाली है। बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक की पहल पर स्कूल परिसर में शेड निर्माण के साथ अलग से नाली और नाले का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है।
सिरगिट्टी के विद्यार्थियों की इस परेशानी को स्थानीय विधायक धरमलाल कौशिक ने गंभीरता से लेते हुए इसके स्थायी समाधान की पहल की है। 13 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सौगात के बाद अब स्कूल की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में यह एक और महत्वपूर्ण पहल है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बारिश के दिनों में बच्चों को न तो भीगते हुए प्रार्थना करनी पड़ेगी और न ही जलभराव के बीच से गुजरकर कक्षाओं तक पहुंचने की परेशानी उठानी पड़ेगी।
विकास समिति की अध्यक्ष ने विधायक को बताई थी समस्या
दरअसल, कुछ दिनों पहले सिरगिट्टी उत्तर माध्यमिक शाला विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती गायत्री मनोज दुबे ने विधायक धरमलाल कौशिक को स्कूल की समस्याओं से अवगत कराया था। उन्होंने बताया था कि स्कूल परिसर में शेड नहीं होने से बारिश के मौसम में विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है। सुबह की प्रार्थना के दौरान बच्चे बारिश में भीगते रहते हैं। इसके अलावा स्कूल परिसर से होकर क्षेत्र का एक नाला गुजरता है। बारिश के दिनों में पानी की निकासी नहीं होने से परिसर में जलभराव की स्थिति बन जाती है।
नाले का गंदा पानी बन जाता था परेशानी
स्कूल परिसर में पानी भरने से विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था। बच्चों को जमा गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता था। इसका सामना केवल विद्यार्थियों को ही नहीं, बल्कि स्कूल के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को भी करना पड़ता था। जलभराव के कारण स्कूल का सामान्य कामकाज और शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित होने की आशंका बनी रहती थी।
विधायक ने तत्काल प्रशासन को दिए निर्देश
स्कूल विकास समिति की अध्यक्ष गायत्री मनोज दुबे की ओर से समस्या सामने लाए जाने के बाद विधायक धरमलाल कौशिक ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल जिला प्रशासन को स्कूल की स्थिति से अवगत कराया और समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्कूल परिसर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शेड निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था के लिए अलग से नाली एवं नाले के निर्माण की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई। इन कार्यों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
शेड बनने से बारिश में नहीं रुकेगी प्रार्थना, नाली-नाले से खत्म होगा जलभराव
प्रस्तावित निर्माण कार्यों में स्कूल परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शेड बनाया जाएगा। इससे बारिश के दौरान प्रार्थना सभा और अन्य सामूहिक गतिविधियों के समय बच्चों को भीगने की परेशानी नहीं होगी। वहीं, अलग से नाली और नाले का निर्माण होने से बारिश के पानी की निकासी व्यवस्थित होगी। इससे परिसर में पानी जमा होने और विद्यार्थियों को गंदे पानी से होकर गुजरने की समस्या का समाधान हो सकेगा।
13 करोड़ के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बाद शिक्षा सुविधा पर भी ध्यान
बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के सिरगिट्टी में 13 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सौगात के बाद विधायक धरमलाल कौशिक की ओर से स्कूल की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए की गई पहल को क्षेत्र के विकास से जोड़कर देखा जा रहा है। खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ स्कूल में विद्यार्थियों की रोजमर्रा की परेशानियों को दूर करने के लिए उठाया गया यह कदम शिक्षा के बेहतर वातावरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।
क्षेत्रवासियों ने जताया विधायक का आभार
स्कूल में शेड और नाली-नाले के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से सिरगिट्टी के लोगों में खुशी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बारिश के दिनों में बच्चों को जिन परेशानियों से गुजरना पड़ता था, उनका समाधान होना जरूरी था। अब निर्माण कार्य होने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने इस पहल के लिए विधायक धरमलाल कौशिक का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।