पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 33 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के तबादले; रमेश चन्द्रा बनाए गए डीएसपी ट्रैफिक
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल का असर बिलासपुर पर भी पड़ा है। शहर की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी अब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋचा मिश्रा संभालेंगी। अब तक इस पद पर पदस्थ रामगोपाल करियारे का तबादला कोरबा जिले के कटघोरा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कर दिया गया है। वहीं रमेश चन्द्रा को बिलासपुर में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन के इस फैसले के साथ ही बिलासपुर यातायात पुलिस के नेतृत्व में बदलाव हो गया है।
छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने 30 अक्टूबर 2026 को राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के अधिकारियों की तबादला सूची जारी की है। प्रशासनिक आधार पर जारी इस आदेश में कुल 33 अधिकारियों के स्थानांतरण करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।
ऋचा मिश्रा को बिलासपुर की जिम्मेदारी
तबादला आदेश के अनुसार, श्रीमती ऋचा मिश्रा (डीडी-2007), जो अब तक सेनानी, 16वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, नारायणपुर के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात), जिला बिलासपुर बनाया गया है। अब शहर की यातायात व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और संबंधित पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी उनके पास होगी।
रामगोपाल करियारे की कोरबा में नई पदस्थापना
बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के पद पर कार्यरत रामगोपाल करियारे (डीडी-2013) का स्थानांतरण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा), जिला कोरबा के पद पर किया गया है। उनके स्थान पर ऋचा मिश्रा की पदस्थापना की गई है।
रमेश चन्द्रा बने डीएसपी ट्रैफिक
इसी प्रशासनिक फेरबदल में रमेश चन्द्रा (रनि-2023) को उप पुलिस अधीक्षक (यातायात), जिला बिलासपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस तरह बिलासपुर यातायात विभाग में एएसपी और डीएसपी दोनों स्तरों पर नई पदस्थापना की गई है।
गृह विभाग ने जारी किया आदेश
यह स्थानांतरण आदेश छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा आदेश क्रमांक ESTB/39149/2026/गृह-दो, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 के तहत जारी किया गया है। आदेश अवर सचिव सोनचंद साहू ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार जारी किया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि अधिकारियों की नवीन पदस्थापना तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से लागू होगी।
बिलासपुर में यातायात विभाग के नेतृत्व में हुए इस बदलाव के बाद अब ऋचा मिश्रा और रमेश चन्द्रा के पास शहर की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी होगी।
