Latest news

बिलासपुर के गांधी चौक में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की उठाई मांग

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

वोट बचाओ, देश बचाओ’ महाधरना में कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- मतदाता सूची में बदलाव और चुनावी अनियमितताओं की हो स्वतंत्र जांच
बिलासपुर। वोट के अधिकार और चुनावी पारदर्शिता के मुद्दे पर कांग्रेस ने रविवार को गांधी चौक में जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के देशव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत शहर कांग्रेस कमेटी ने दोपहर 1 बजे जूना बिलासपुर स्थित गांधी चौक में महाधरना आयोजित किया। इसमें कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनकी गिरफ्तारी और उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों की स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग उठाई।
दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की विशाल महारैली की तर्ज पर बिलासपुर में हुए इस प्रदर्शन में पार्टी नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए। धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और चुनावी व्यवस्था का इस्तेमाल सत्तारूढ़ भाजपा को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
धरने में पूर्व महापौर राजेश पांडे, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र बोलर, शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष राकेश शर्मा, अमर बजाज, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष पिंकी बत्रा, मनोज तिवारी, मजहर अली, अर्पित केसरवानी, रवि बैनर्जी, सुबोध केसरी और विकास सिंह सहित अन्य नेताओं ने अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि इंडिया गठबंधन के घटक दल लगातार चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि निर्वाचन आयोग की व्यवस्था में संस्थागत निष्पक्षता प्रभावित हुई है। राज्य के अधिकारियों को दरकिनार कर चुनावी प्रक्रिया में व्यापक अनियमितताएं किए जाने के आरोप भी लगाए गए।
ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल की समीक्षा की मांग
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए। उनके खिलाफ गिरफ्तारी की मांग करते हुए नेताओं ने उनके कार्यकाल में लिए गए सभी फैसलों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की व्यापक एवं स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग की।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। नेताओं ने इसे देश के प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा की लड़ाई बताया।
गौरव ऐरी ने दोहराया आंदोलन जारी रखने का संकल्प
कार्यक्रम का संचालन शिवा मिश्रा ने किया। जिला कांग्रेस शहर के महामंत्री एवं असंगठित कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गौरव ऐरी ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट महत्वपूर्ण है और उसके अधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
धरने में राजेश पांडे, नरेंद्र बोलर, राकेश शर्मा, शिवा मिश्रा, राजेश शुक्ला, पिंकी बत्रा, मनोज तिवारी, रामा बघेल, शैलेंद्र जायसवाल, अखिलेश गुप्ता, गौरव ऐरी, दीपांशु श्रीवास्तव, जुगल गोयल, सुबोध केसरी, संतोष ढीमर, शंकर कश्यप, करम गोरख, अमर बजाज, अमीन मुगल, सुदेश दुबे, मजहर अली, रवि बैनर्जी, अर्पित केसरवानी, विकास सिंह, विनय रात्र, हैरी डेनियल, सुभालक्ष्मी सिंह, वजीर अली, बंटी बत्रा, अनूप केसवानी, शान सिंह, ऑन खान, राजेंद्र शर्मा, कुशल मेंढे, ऋषि कश्यप, उमेश वर्मा, रतन तिवारी, सूरज गड़ेवाल, कौशिक, राजा ढीमर, रिहान रात्र, निर्मल मरकाम, भरत, विभूति गौतम और मोहसिन खोखर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।