बिलासपुर। कोटा विधानसभा क्षेत्र के बेलगहना ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत खोंगसरा के तुमाडबरापारा में मंगलवार को मार्मिक दृश्य देखने को मिला। अटल श्रीवास्तव ने यहां पहुंचकर माता-पिता को खो चुके बैगा आदिवासी बच्चों से मुलाकात की और उनके पालन-पोषण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की।
माता-पिता के निधन के बाद बेसहारा हुए मासूम
तुमाडबरापारा निवासी 35 वर्षीय धनमती बैगा की हाल ही में डायरिया से मौत हो गई थी। इससे पहले उनके पति सुखसिंह बैगा का भी एक साल पूर्व निधन हो चुका है। ऐसे में उनके दोनों बच्चे—रामप्रसाद बैगा (7 वर्ष) और कमोदिनी बैगा (ढाई वर्ष)—अनाथ हो गए हैं और परिजनों के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं।
घर पहुंचकर जाना हाल, दिए 10 हजार रुपए
मामले की जानकारी मिलने पर विधायक अटल श्रीवास्तव स्वयं गांव पहुंचे। उन्होंने बच्चों और परिवारजनों से मुलाकात कर उनके लालन-पालन और भविष्य की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने तत्काल सहायता के रूप में 10 हजार रुपए प्रदान किए और आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि खोंगसरा उप स्वास्थ्य केंद्र में न तो नियमित स्टाफ रहता है और न ही इलाज की समुचित व्यवस्था है। इस पर विधायक ने मौके से ही बिलासपुर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CHMO) को फोन कर निर्देश दिए कि उप स्वास्थ्य केंद्र को नियमित रूप से संचालित किया जाए, पर्याप्त स्टाफ की तैनाती हो और ग्रामीणों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
साथ में रहे कांग्रेस पदाधिकारी
इस दौरान बेलगहना ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अश्वनी उद्देश्य, विधायक प्रतिनिधि शिवदत्त पाण्डेय, लाला निर्मलकर, मोहम्मद अजहर खान, रवि सिंह, शिवा सिंह, मोनू दास, चितरंजन शर्मा, हेमंत गुप्ता, जायद खान, प्रमोद यादव, संतराम, सचिन केशरवानी, धनीराम, देवलाल, गोवर्धन, जुगनु, कीर्ति मरकाम, स्वराज पटेल, मधुसूदन, बलराम मरावी, दिलीप जायसवाल, राज गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

