Latest news

सिम्स की लापरवाही से आदिवासी युवक की मौत का आरोप, उग्र हुआ मामला; कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर। जिले के शासकीय अस्पताल सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) में इलाज के दौरान एक आदिवासी युवक की मौत के बाद गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। घटना को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने कड़ा आक्रोश जताते हुए दोषी डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा।


क्या है पूरा मामला
ग्राम लछनपुर, पंचायत पैडरवा (रतनपुर) निवासी महेश सिंह राज (30), पिता धनसिंह राज, 2 मई 2026 शनिवार की शाम करीब 6-7 बजे एक दुर्घटना में घायल हो गए थे। परिजनों के अनुसार उन्हें पूरी तरह होश में और सामान्य स्थिति में तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोप है कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों द्वारा गलत इलाज और लापरवाही बरती गई। इसी के चलते 3 मई 2026 रविवार को दोपहर करीब 3 बजे युवक की मौत हो गई।
आदिवासी समाज में आक्रोश
घटना के बाद सर्व आदिवासी समाज ने इसे चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर मामला बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि एक होश में लाए गए युवक की मौत सीधे तौर पर अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी को दर्शाती है।
कलेक्टर से की गई ये मांगें
जिलाधीश (कलेक्टर) को सौंपे गए आवेदन में समाज ने मांग की है कि—
सिम्स के जिम्मेदार डॉक्टरों और प्रबंधन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए
मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को दंडित किया जाए
पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा (क्षतिपूर्ति) दिया जाए
परिवार को न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए
आंदोलन की चेतावनी
आवेदन में स्पष्ट कहा गया है कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो सर्व आदिवासी समाज आंदोलन करने को मजबूर होगा। ऐसी स्थिति में उत्पन्न हालात के लिए सिम्स प्रबंधन और जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।