2027-28 सत्र के लिए होगा चयन, 1 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2013 के बीच जन्मे खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा; ट्रायल और रजिस्ट्रेशन फीस 500 रुपए
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की ओर से आगामी सत्र 2027-28 के लिए इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिताओं की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में क्रिकेट संघ बिलासपुर की ओर से अंडर-16 आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल 4 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। ट्रायल सुबह 9 बजे राजा रघुराज सिंह स्टेडियम में होगा। इसमें निर्धारित आयु सीमा के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने सभी जिला क्रिकेट संघों को विभिन्न आयु वर्गों के लिए ट्रायल आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत बिलासपुर में भी चयन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस वर्ष होने वाला ट्रायल सत्र 2027-28 के लिए है। अंडर-16 वर्ग के लिए जन्मतिथि की पात्रता 1 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2013 के बीच निर्धारित की गई है। इसी अवधि में जन्मे खिलाड़ी ट्रायल में शामिल हो सकेंगे।
छह साल की मार्कशीट सहित दस्तावेज लाना अनिवार्य
ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ अंतिम छह वर्षों की मूल मार्कशीट, पीवीसी आधार कार्ड, डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र और एक पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा सभी दस्तावेजों की फोटोकॉपी भी जमा करनी होगी। ट्रायल और रजिस्ट्रेशन के लिए 500 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है।
1 नवंबर से मिलेंगे फॉर्म, ट्रायल के दिन नहीं होगा रजिस्ट्रेशन
खिलाड़ियों के लिए आवेदन फॉर्म क्रिकेट संघ बिलासपुर के कार्यालय, सरजू बगीचा, मसानगंज में उपलब्ध होंगे। 1 नवंबर से दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक फॉर्म प्राप्त करने और जमा करने की व्यवस्था रहेगी। संघ ने स्पष्ट किया है कि ट्रायल के दिन किसी भी खिलाड़ी का फॉर्म नहीं भरा जाएगा। इसलिए इच्छुक खिलाड़ियों को निर्धारित समय में आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ी व्हाट्सएप से भेज सकेंगे फॉर्म
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, तखतपुर, लोरमी, बिल्हा और सीपत सहित दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले खिलाड़ी व्हाट्सएप के माध्यम से फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। फॉर्म भरने के बाद उसकी प्रति व्हाट्सएप पर भेजनी होगी। वहीं बिलासपुर शहर और आसपास के खिलाड़ियों को संघ कार्यालय पहुंचकर फॉर्म जमा करना होगा।
इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क
ट्रायल, रजिस्ट्रेशन और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए महेश दत्त मिश्रा (मोबाइल नंबर 7415798292) और सोनल वैष्णव (मोबाइल नंबर 9981027543) से संपर्क किया जा सकता है।
क्रिकेट संघ बिलासपुर के सचिव देवेंद्र सिंह ने सभी पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर फॉर्म जमा करने और ट्रायल के दिन सुबह 9 बजे आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ राजा रघुराज सिंह स्टेडियम पहुंचने की अपील की है।
