



शहर के अलग-अलग वार्डों में शुक्रवार को ‘बस्ती चलो अभियान’ के तहत माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आया। विधायक अमर अग्रवाल ने जनसंपर्क के दौरान विकास योजनाओं और “मोदी की गारंटी” को लेकर जनता से संवाद किया, वहीं हर जगह उन्हें फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत मिला।
बिलासपुर।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘बस्ती चलो अभियान’ के तहत शुक्रवार को बिलासपुर शहर के कई वार्डों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान वरिष्ठ नेता एवं विधायक अमर अग्रवाल ने वार्ड 16 से अभियान की शुरुआत करते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया।
अभियान के तहत वे वार्ड 21, 67, 66, 69, 44, 38, 36, 23/26 और 25 सहित कई स्थानों पर आयोजित बैठकों में शामिल हुए। हर वार्ड में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति देखने को मिली।
हर वार्ड में स्वागत, महिलाओं-युवाओं की रही खास भागीदारी
दौरे के दौरान जगह-जगह विधायक का फूल-मालाओं और तिलक लगाकर स्वागत किया गया। खास बात यह रही कि महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने अभियान को उत्साहपूर्ण बना दिया। कई स्थानों पर जनसंवाद कार्यक्रमों में भारी भीड़ उमड़ी।
“मोदी की गारंटी” और योजनाओं पर फोकस
जनसंवाद के दौरान विधायक अमर अग्रवाल ने केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही योजनाएं आज गरीब और मध्यम वर्ग के लिए सुरक्षा कवच बन चुकी हैं।
उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इनसे अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचा है।
जनसमस्याएं सुनीं, निराकरण का भरोसा
अभियान के दौरान वार्डवासियों ने पानी, सड़क, सफाई और अन्य स्थानीय समस्याओं को विधायक के सामने रखा। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि हर वार्ड का समग्र विकास है।
भाजपा कार्यकर्ताओं की रही सक्रिय मौजूदगी
पूरे दौरे में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद और स्थानीय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। वहीं, वार्डवासियों ने भी विकास कार्यों को लेकर संतोष जताते हुए पार्टी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

