बिलासपुर। अक्षय तृतीया पर इस बार सरकंडा क्षेत्र भगवा रंग में रंगने की तैयारी में है। भगवान परशुराम जयंती को लेकर ब्राह्मण समाज और सेवादार समितियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। पहली बार आयोजित हो रही इस भव्य शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक बैठकों का दौर पूरा हो चुका है और हजारों विप्र जनों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।
तैयारी चरम पर, हर मोहल्ले में उत्साह
राजकिशोर नगर, श्री विहार, वसंत विहार, बहतराई, बिजौर, उरतुम, परसाही, बैमा-नगोई, बिरकोना, सेमरताल, सेलर, भांडी, भरारी, सेंदरी, गतौरी, सेमरा, अकलतरी, डगनिया और खारंग परिक्षेत्र सहित शहर के कोनी, लोधीपारा, शिवघाट, पुराना सरकंडा, बंगालीपारा, देवनंदन नगर, विजयापुरम, जबड़ापारा, बंधवापारा, जोरापारा, इंदिरा विहार, नूतन कॉलोनी और चटर्जी गली तक व्यापक जनसंपर्क किया गया है। हर क्षेत्र में स्वागत मंच, जलपान और पुष्पवर्षा की तैयारियां जोरों पर हैं।
बाइक रैली से निकलेगी ध्वज यात्रा
20 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे राजकिशोर नगर स्थित परशुराम चौक से ध्वजा पूजन के साथ बाइक रैली के रूप में यात्रा की शुरुआत होगी। युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जहां सैकड़ों बाइक सवार भगवा ध्वज के साथ शामिल होंगे। यह रैली आगे चलकर भव्य पदयात्रा में परिवर्तित होगी।
अशोकनगर से निकलेगी मुख्य शोभायात्रा
शाम 3:30 बजे सरकंडा के अशोकनगर चौक में संत शिरोमणि श्री राम भिक्षुक दास जी महाराज की प्रतिमा की पूजा-अर्चना के बाद मुख्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी। यहां से पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक झांकियों के साथ यात्रा आगे बढ़ेगी।
धार्मिक आस्था के प्रमुख पड़ाव
शोभायात्रा नूतन चौक पहुंचेगी, जहां ग्राम देवता ठाकुर देवता और स्फटिकेश्वर महादेव की पूजा की जाएगी। इसके बाद सिपत चौक, श्रीराम सेतु चौक और अरपा नदी के पुल को पार करते हुए यात्रा बाजपेयी मैदान में प्रवेश करेगी।
संत समागम और धर्मसभा का आयोजन
बाजपेयी मैदान में विशाल मंच तैयार किया जा रहा है, जहां संत समागम, धर्मसभा, प्रवचन और सम्मान समारोह का आयोजन होगा। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन होगा।
हर वर्ग की भागीदारी, स्वस्फूर्त सहयोग
भगवान श्री परशुराम सेवादार समिति के नेतृत्व में पूरे आयोजन को लेकर दिन-रात तैयारियां जारी हैं। समाज के हर वर्ग से सहयोग मिल रहा है—कहीं स्वागत द्वार बन रहे हैं तो कहीं भंडारे की व्यवस्था। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, सभी आयोजन को भव्य बनाने में जुटे हैं।
पहली बार, इसलिए खास
सरकंडा क्षेत्र में पहली बार निकल रही इस शोभायात्रा को लेकर लोगों में विशेष उत्साह है। घर-घर में सजावट, भगवान परशुराम की आरती और स्वागत की तैयारी की जा रही है। आयोजन से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया है।

