Latest news

गांधी चौक से मंगला चौक तक आस्था का सैलाब… सेन जयंती पर बिलासपुर में निकली भव्य शोभायात्रा, झांकियों ने खींचा ध्यान

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर | 14 अप्रैल 2026
श्री श्री 1008 श्री संत शिरोमणि सेन जी महाराज की 726वीं जयंती पर बिलासपुर में प्रदेश स्तरीय विशाल शोभायात्रा और सभा का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ प्रांत सर्व सेन समाज और संभागीय श्रीवास समाज के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।


दोपहर करीब 12 बजे गांधी चौक से शोभायात्रा की शुरुआत हुई। शोभायात्रा का नेतृत्व सर्व सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने किया।


शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा गांधी चौक से निकलकर जूना बिलासपुर, सिटी कोतवाली, मानसरोवर चौक, सदर बाजार, गोल बाजार, देवकीनंदन चौक, नेहरू चौक, मुंगेली नाका चौक होते हुए मंगला चौक स्थित श्रीवास धर्मशाला पहुंची, जहां यह सभा में परिवर्तित हो गई।
शोभायात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न झांकियों के माध्यम से संत शिरोमणि सेन जी महाराज के जीवन और उनके संदेशों को प्रस्तुत किया गया। रास्ते भर श्रद्धालुओं और नागरिकों की भीड़ उमड़ी रही।
यात्रा के स्वागत के लिए शहर में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा मंच लगाए गए थे, जहां पुष्पवर्षा और अभिनंदन के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
मंगला चौक स्थित श्रीवास धर्मशाला में आयोजित सभा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विधायक और सांसदों ने मंच से अपने विचार रखे। इस दौरान समाज की विभिन्न विभूतियों का सम्मान भी किया गया।
आयोजन को सफल बनाने के लिए सर्व सेन समाज और संभागीय श्रीवास समाज के पदाधिकारी कई दिनों से तैयारी में जुटे हुए थे। कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास सहित समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा वर्ग की उपस्थिति रही।

आयोजन के पीछे की ताकत: चित्रकांत श्रीवास, हर मोर्चे पर दिखी सक्रियता

सेन जयंती के प्रदेश स्तरीय आयोजन में समाज के प्रमुख चेहरों में शामिल चित्रकांत श्रीवास की भूमिका पूरे कार्यक्रम में प्रमुखता से नजर आई। तैयारियों के शुरुआती चरण से लेकर शोभायात्रा और सभा के समापन तक वे लगातार व्यवस्थाओं की कमान संभालते दिखे।
शहर में निकली भव्य शोभायात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर समन्वय, झांकियों की व्यवस्था, मंच संचालन और आगंतुकों की देखरेख जैसे अहम जिम्मेदारियों में उनकी भागीदारी रही। आयोजन में बड़ी संख्या में जुटे समाज के लोगों के बीच व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में उनकी सक्रिय उपस्थिति बनी रही।
कार्यक्रम स्थल मंगला चौक स्थित श्रीवास धर्मशाला में आयोजित सभा के दौरान भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत और सम्मान कार्यक्रम में उनकी भूमिका देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान वे विभिन्न टीमों के साथ तालमेल बनाकर काम करते नजर आए, जिससे कार्यक्रम की व्यवस्थाएं लगातार संचालित होती रहीं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।