
जशपुरनगर, 29 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में वन क्षेत्र के भीतर अवैध बोरवेल खनन का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए मौके से दो वाहनों को जब्त किया है। यह पूरा घटनाक्रम उस क्षेत्र का है, जो मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जुड़ा माना जाता है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों द्वारा दूरभाष के माध्यम से दी गई सूचना पर वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार के निर्देशन में वन परिक्षेत्र सन्ना अंतर्गत परिक्षेत्र सहायक तोरा, सन्ना, बीएफओ कामारिमा, चलनी, धनगुरी एवं बगीचा परिक्षेत्र के वन अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
वन विभाग की टीम ने कक्ष क्रमांक पी 303 में पंचों और गवाहों की उपस्थिति में स्थल निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि वन भूमि के भीतर अवैध रूप से बोरवेल खनन किया जा रहा था। इस गतिविधि से वन क्षेत्र और जैव विविधता को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई।
मौके पर चल रहे कार्य को तत्काल रुकवाया गया और संबंधित लोगों से पूछताछ की गई। पूछताछ में वाहन चालक सल्लू राम (ग्राम मनोहरपुर) और गोधन कोमा (ग्राम नर्राटोला, जिला बालौद) ने बताया कि यह कार्य राजेश यादव (ग्राम दातुनपानी) के निर्देश पर किया जा रहा था। वहीं, जब्त वाहनों के मालिक के रूप में रमेश जायसवाल (निवासी बिलाईगढ़, जिला बलौदाबाजार) का नाम सामने आया है।
वन विभाग ने ट्रक क्रमांक CG22 AF 7660 और CG22 AF 7659 को जब्त करते हुए वन अपराध के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। दोनों वाहनों को सन्ना स्थित वन आवासीय परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन, बोरवेल खनन या अन्य गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। साथ ही इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वन और वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें।



