Latest news

भीषण गर्मी के बीच राहत: बिलासपुर में स्कूलों का समय बदला, सुबह पाली में लगेंगी कक्षाएं

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर। भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने स्कूल संचालन समय में बदलाव कर बड़ी राहत दी है। अब जिले में शालाएं सुबह पाली में संचालित होंगी। इस निर्णय से विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों को गर्मी से राहत मिलेगी।


छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि प्रदेश के कई जिलों—कवर्धा, राजनांदगांव, धमतरी और जांजगीर-चांपा—में भीषण गर्मी को देखते हुए पहले ही स्कूलों का समय बदलकर सुबह पाली में संचालित करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं। इसी तर्ज पर बिलासपुर जिले में भी समय परिवर्तन की मांग की गई थी।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की परेशानी को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी विजय तांडे से संपर्क कर स्कूल संचालन समय बदलने का अनुरोध किया गया। इस पर डीईओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित संज्ञान लिया और 24 घंटे से भी कम समय में आदेश जारी कर दिया।
आदेश जारी होने के बाद अब जिले के स्कूल सुबह पाली में संचालित होंगे, जिससे भीषण गर्मी में पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी। शिक्षकों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है।
जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने इसे शिक्षा समुदाय के हित में लिया गया मानवीय निर्णय बताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी विजय तांडे के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से पूरे शिक्षा समुदाय में खुशी और संतोष का माहौल है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।