Latest news

आपातकाल लगाने वाली कांग्रेस अब लोकतंत्र बचाने की बात कर रही : अमर अग्रवाल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read


गांधी चौक से नेहरू चौक तक भाजपा की पदयात्रा, पूर्व मंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना; बोले- ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ वाली कहावत कांग्रेस पर सटीक बैठती है
बिलासपुर। देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को सबसे बड़ा आघात पहुंचाने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। सत्ता में रहते हुए लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने वाली कांग्रेस अब विपक्ष में रहकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। यह बात नगर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने शनिवार को भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान कही।
भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान के तहत बिलासपुर में गांधी चौक मिनी स्टेडियम से नेहरू चौक तक पदयात्रा निकाली गई। इसमें अमर अग्रवाल सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और कांग्रेस की राजनीति के विरोध में आवाज उठाई गई।
अमर अग्रवाल ने कहा कि आजादी के बाद देश में लोकतंत्र को सबसे बड़ा आघात कांग्रेस ने पहुंचाया। आपातकाल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी कांग्रेस अपनी कार्यशैली और राजनीतिक आचरण से लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। सत्ता में रहते हुए लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार करने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र की दुहाई दे रही है। ऐसे में ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ वाली कहावत कांग्रेस पर पूरी तरह चरितार्थ होती है।
नक्सलवाद के खात्मे को भाजपा सरकार की उपलब्धि बताया
अमर अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे पर कहा कि एक समय प्रदेश के कई इलाके नक्सल हिंसा से प्रभावित थे। भय और असुरक्षा का वातावरण था। केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, स्पष्ट रणनीति तथा केंद्र और प्रदेश सरकारों के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है और निर्धारित समय-सीमा में इसके खात्मे की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है।
विपक्षी दलों पर भी लगाया अराजकता फैलाने का आरोप
अग्रवाल ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति और उसके मंसूबों को समझते हुए उसे लगातार नकार रही है। इसी राजनीतिक बौखलाहट में विपक्ष के कई दल एकजुट होकर देशभर में अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को बाधित करने और देश की विकास यात्रा में व्यवधान डालने वाली राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और वह अपने मत के माध्यम से जवाब देती है। कांग्रेस और विपक्ष को यह समझना चाहिए कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अंतिम निर्णय जनता का ही होता है।
केंद्रीय मंत्री और उपमुख्यमंत्री भी हुए शामिल
पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक धरमजीत सिंह, विधायक सुशांत शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह और महापौर पूजा विधानी सहित भाजपा के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।