बिलासपुर/तखतपुर | ग्रामीण इलाकों और छोटे कस्बों तक नशे का नेटवर्क पहुंचने लगा है। तखतपुर जैसे कस्बाई क्षेत्र में ब्राउन शुगर की बिक्री का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3.74 ग्राम मादक पदार्थ ब्राउन शुगर, जिसकी कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है, जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21ए, 22ए और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई प्रहार अभियान के तहत की गई, जो जिले में अवैध शराब, गांजा और नशीली दवाओं के खिलाफ चलाया जा रहा है।
मुखबिर सूचना पर मोढ़े चौक में दबिश
मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम दुर्गेश गायकवाड (22) पिता अर्जुन गायकवाड निवासी बड़े बाजार तखतपुर और अप्पू देवांगन (32) पिता राजू देवांगन निवासी देवांगन मोहल्ला तखतपुर हैं।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि दुर्गेश गायकवाड मोढ़े चौक के पास ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर तखतपुर पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर
पुलिस पूछताछ में दुर्गेश गायकवाड ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ अप्पू देवांगन से लेकर बिक्री करता था। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम को अप्पू देवांगन बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास मिला, जहां से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह दूसरे राज्य से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और दुर्गेश गायकवाड को बेचता था।
बिक्री की रकम और मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने आरोपी अप्पू देवांगन के कब्जे से ब्राउन शुगर की बिक्री से बची 2000 रुपए की रकम और अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अन्य राज्यों से जुड़े नेटवर्क की जांच
पुलिस के अनुसार मामले में इंड-टू-इंड विवेचना की जा रही है और अन्य प्रांत से जुड़े आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा और नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में तखतपुर थाना क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी तखतपुर निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक दिलाराम मनहर, सहायक उपनिरीक्षक रमेश कुमार ओरके, एसीसीयू बिलासपुर के उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे और उनकी टीम के साथ तखतपुर थाना के आरक्षक आशीष वस्त्रकार, सुनील सूर्यवंशी, राजकुमार श्याम, चंद्रशेखर मरकाम और संतोष पोर्ते की भूमिका रही।

