बिलासपुर | न्यूज़ डॉन छत्तीसगढ़
सरकंडा क्षेत्र में रविवार देर रात एक निगरानीशुदा बदमाश ने कांग्रेस नेता के घर के बाहर पहुंचकर हंगामा कर दिया। आरोप है कि बदमाश और उसके साथी ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि कांग्रेस नेता को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार जबड़ापारा निवासी शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री महेश नारायण मिश्रा रविवार रात करीब 12:15 बजे अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान सरकंडा थाना क्षेत्र का निगरानीशुदा बदमाश शैलेंद्र मिश्रा उर्फ रत्तू अपने साथी सुरेश नागवानी उर्फ सुरेश सट्टा के साथ उनके घर के बाहर पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने घर के बाहर खड़े होकर जोर-जोर से गाली-गलौज की और बाहर आने के लिए उकसाते हुए जान से मारने की धमकी दी।
बताया जाता है कि विवाद बढ़ने की आशंका के चलते महेश मिश्रा उस समय घर से बाहर नहीं निकले। घटना के बाद सोमवार को उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुख्ता प्रमाणों के साथ एसएसपी रजनेश सिंह से की। शिकायत में दोनों आरोपियों द्वारा दी गई धमकी और रात में घर के बाहर किए गए उत्पात का उल्लेख किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद सरकंडा पुलिस ने शैलेंद्र उर्फ रत्तू मिश्रा और सुरेश नागवानी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्जनों मामलों में आरोपी, जिलाबदर की अनुशंसा पहले से
शैलेंद्र मिश्रा उर्फ रत्तू सरकंडा थाने का लिस्टेड गुंडा बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस पहले ही उसके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई के लिए अनुशंसा भेज चुकी है। फिलहाल सरकंडा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

