बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घुटकु रेलवे स्टेशन पारा के आगे रेलवे लाइन के किनारे घनी झाड़ियों में छिपाकर रखा गया महुआ शराब बनाने का कच्चा माल बरामद किया गया। पुलिस ने यहां से 300 प्लास्टिक डिब्बों में भरे लगभग 6000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया, जिसे आबकारी विभाग की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।


विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस को 9 मार्च 2026 को विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली कि घुटकु स्टेशन पारा के आगे रेलवे लाइन के किनारे लंबी झाड़ियों में बड़ी मात्रा में महुआ लाहन छिपाकर रखा गया है, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जाना था।
डेढ़ किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिला जखीरा
सूचना की तस्दीक के लिए कोनी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान घुटकु स्टेशन पारा से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर रेलवे लाइन के किनारे घनी और लंबी झाड़ियों के बीच बड़ी मात्रा में प्लास्टिक के डिब्बे छिपाकर रखे मिले।
तलाशी लेने पर 300 नग प्लास्टिक डिब्बों में भरा लगभग 6000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार यह कच्चा माल बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब तैयार करने के लिए छिपाकर रखा गया था।
आबकारी विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई
पूरी कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग का अमला भी मौके पर मौजूद रहा। संयुक्त कार्रवाई के तहत बरामद महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया और मामले में विधिवत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब कारोबार पर सख्ती
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। रेलवे लाइन और सुनसान इलाकों में छिपाकर कच्चा माल रखने वालों की तलाश भी की जा रही है।

रायपुर : 18 किलोग्राम गांजा एवं एक ट्रक जब्त
रायपुर, 09 मार्च 2026
महासमुंद जिले में आबकारी विभाग की टीम द्वारा 18.285 किलोग्राम अवैध गांजा तथा एक 14 चक्का ट्रक जब्त किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एनएच-53 स्थित बैतारी के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान आबकारी उपनिरीक्षक श्री मिर्जा जफर बैग, श्री हृदय कुमार त्रिपुड़े, श्री नीरज कुमार साह तथा श्री अनिल कुमार झरिया की संयुक्त टीम ने एक 14 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक में सवार आरोपी ईरफान गौरी के पास से 18.285 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (पप) (सी) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आबकारी विभाग द्वारा आरोपी को रिमांड पर लेकर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

