
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के खमतराई स्थित अमहा तालाब में रविवार को नहाने गए सात युवकों में से दो की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक युवक नशे की हालत में थे। तीन युवक तालाब में उतरे और अचानक डूबने लगे। साथ मौजूद चार साथियों ने एक युवक को बचा लिया, लेकिन दो पानी में समा गए।
मृतकों की पहचान हिमांशु चहाण्डे (21) पिता हरीश चहाण्डे, निवासी बंधवापारा सरकंडा थाना सरकंडा और शिवम मानिकपुरी (20) पिता श्रवन दास मानिकपुरी, निवासी देवरी खुर्द थाना तोरवा के रूप में हुई है।
शाम 5 बजे शुरू हुआ रेस्क्यू, रात तक मिले शव
घटना की सूचना मिलते ही शाम करीब 5 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर रात तक दोनों युवकों के शव तालाब से बरामद कर लिए गए। शव मिलने के बाद पहचान की प्रक्रिया पूरी की गई।
पांच युवक हिरासत में, देर रात तक पूछताछ
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि घटना के संबंध में पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद दोनों मृतकों के परिजनों में शोक का माहौल है।

