
सूर्या चौक पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास देर रात दिखे शव, पहचान में जुटी पुलिस
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे नीम के पेड़ पर एक युवक और युवती की लाश लटकी मिली। घटना सूर्या चौक स्थित पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास की है। राहगीरों ने पेड़ से लटकते शव को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची सरकंडा पुलिस ने देखा कि दोनों के गले में एक ही कपड़े का फंदा बंधा हुआ था। मृतक युवक-युवती की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों प्रेमी-प्रेमिका होने की आशंका जताई जा रही है।
चिंगराजपारा कदमपारा में किराए से रहते थे
आसपास के लोगों के अनुसार दोनों स्थानीय निवासी नहीं थे। वे पिछले कुछ दिनों से चिंगराजपारा कदमपारा इलाके में किराए का मकान लेकर रह रहे थे और शहर में रोजी-मजदूरी का काम करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में भीड़ जुट गई।
पहचान और कारण की जांच जारी
पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त और उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

