Latest news

बिलासपुर की सड़कों को मिली रफ्तार: दो प्रमुख मार्गों के लिए 45 करोड़ से अधिक की स्वीकृति

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

रायपुर/बिलासपुर | 27 फरवरी 2026
शहर की जर्जर सड़कों और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच बिलासपुर को बड़ी सौगात मिली है। राज्य शासन ने दो प्रमुख मार्गों के उन्नयन और मजबूतीकरण के लिए कुल 45 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति संबंधी परिपत्र जारी कर दिया गया है।
पेण्ड्रीडीह चौक से नेहरू चौक मार्ग के लिए 40.79 करोड़ मंजूर
लोक निर्माण विभाग के अनुसार बिलासपुर में पेण्ड्रीडीह चौक से नेहरू चौक तक 15.38 किलोमीटर सड़क के मजबूतीकरण के लिए 40 करोड़ 79 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इस राशि से सड़क की संरचना को मजबूत किया जाएगा, जिससे भारी वाहनों के दबाव में भी सड़क टिकाऊ बनी रहे।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने निर्माण कार्य में उपयोग की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय निर्देश:
निविदा प्रक्रिया समय-सीमा में पूर्ण हो
निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुरूप हो
कार्य में मितव्ययिता सुनिश्चित की जाए
अनुबंधित समय-सीमा में निर्माण पूर्ण कराया जाए
अनावश्यक समय-सीमा वृद्धि न दी जाए
केवल अपरिहार्य व नियंत्रण से बाहर परिस्थितियों में सक्षम अधिकारी द्वारा ही समय-वृद्धि स्वीकृत हो
एनएच-130ए से नेहरू चौक उसलापुर पुल तक 4.25 करोड़ की मंजूरी
इसके अलावा राज्य शासन ने एनएच-130ए से नेहरू चौक उसलापुर पुल तक सड़क निर्माण/उन्नयन के लिए 4 करोड़ 25 लाख 21 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की है।
इस मार्ग के सुधार से शहर के बाहरी क्षेत्रों और मुख्य बाजार के बीच आवागमन सुगम होगा। लंबे समय से इस हिस्से में गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या बनी हुई थी, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद इस परियोजना के लिए भी प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति संबंधी परिपत्र जारी कर दिया गया है।
शहर को मिलेगा बेहतर यातायात प्रबंधन
दोनों परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहर में ट्रैफिक दबाव कम होने, दुर्घटनाओं में कमी आने और परिवहन व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। प्रशासन का दावा है कि कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा में पूरा कराया जाएगा।
बिलासपुर में लगातार हो रहे सड़क विकास कार्यों से आने वाले समय में शहर की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलने की संभावना है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।