बिलासपुर। बिलासपुर जिले के छत्तीसगढ़ पुलिस ने नेशनल हाईवे पर महिला से छेड़छाड़ करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता से 23 फरवरी 2026 को दोनों को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
नेशनल हाईवे पर की अश्लील हरकत
मामला थाना हिर्री क्षेत्र का है। पीड़िता ने लिखित आवेदन में बताया कि 22 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने पति और बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम पंडरभट्टा से अपने ससुराल लौट रही थी। जैसे ही वे भोजपुर टोल प्लाजा पार कर आगे बढ़े, पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे।
आरोप है कि युवकों ने महिला को देखकर गंदे और अभद्र इशारे किए। इतना ही नहीं, वे पीछा करते हुए पीड़िता की मोटरसाइकिल के पास पहुंचे और उसके शरीर के अंगों को हाथ से छूकर मौके से फरार हो गए। घटना से परिवार दहशत में आ गया।
तत्काल दर्ज हुआ अपराध
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना हिर्री में अपराध क्रमांक 52/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 78(1) और 3(5) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।
24 घंटे के भीतर दबोचे गए आरोपी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। 23 फरवरी 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AB 1401 को भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
रामभरोस निषाद (22 वर्ष), निवासी धौराभाठा
चंद्रशेखर यादव उर्फ छोटू (19 वर्ष), निवासी धौराभाठा
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
हाईवे पर सुरक्षा को लेकर सवाल
नेशनल हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर परिवार के साथ जा रही महिला से इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस की तत्परता से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी ने पीड़ित परिवार को राहत दी है।



