Latest news

बिलासपुर में 9वीं-11वीं की परीक्षा तिथि बदली, NSUI ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

25 मार्च से तय वार्षिक परीक्षा अब 27 फरवरी से; “चार दिन पहले बदलाव से छात्र परेशान”
बिलासपुर। कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं की समय-सारणी में अचानक बदलाव को लेकर छात्र राजनीति गरमा गई है। एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव अर्पित केशरवानी ने सोमवार को बिलासपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूर्व निर्धारित समय-सारणी बहाल करने की मांग की।


ज्ञापन में बताया गया कि पहले जारी टाइम टेबल के अनुसार कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होनी थीं और उसी के अनुरूप छात्र तैयारी में जुटे थे। मगर अचानक नई समय-सारणी जारी कर परीक्षा 27 फरवरी से शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
एनएसयूआई का कहना है कि परीक्षा तिथि में यह बदलाव छात्रों के हितों के विपरीत है। संगठन के अनुसार, “चार दिन पहले समय-सारणी जारी कर परीक्षा लेना छात्रों को परेशान करना है। छात्र इस समय रिवीजन की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में अचानक परीक्षा शुरू कर देना उनके परिणामों को प्रभावित करेगा।”
ज्ञापन सौंपते समय एनएसयूआई के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रदेश सचिव रंजेश सिंह ठाकुर, पूर्व प्रदेश सचिव सोहराब खान, बिलासपुर एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष गौरव सिंह परिहार, जिला सचिव शान सिंह ठाकुर, पुष्पराज साहू, अमन यादव और आयुष भट्ट शामिल थे।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए पूर्व में जारी 25 मार्च से शुरू होने वाली समय-सारणी को ही लागू किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को पर्याप्त तैयारी का समय मिल सके।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।