Latest news

“रालेगण सिद्धि और हिवरे बाजार जैसे मॉडल अब बिलासपुर में लागू होंगे” : जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read


सात दिवसीय प्रशिक्षण प्रवास से लौटे जिला पंचायत सदस्य, जल संरक्षण और पारदर्शी प्रशासन पर बनेगी ठोस कार्ययोजना
बिलासपुर। “इस प्रशिक्षण से हमें ग्राम विकास के व्यावहारिक और टिकाऊ मॉडल समझने का अवसर मिला है। अब हम इन अनुभवों और विशेषज्ञता को अपने-अपने क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में लागू करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करेंगे।” यह बात जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने सात दिवसीय अध्ययन एवं प्रशिक्षण प्रवास से लौटने के बाद कही।


जिला प्रशासन के नवाचार उन्मुखीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पंचायत बिलासपुर के माननीय सदस्यों का सात दिवसीय अध्ययन एवं प्रशिक्षण प्रवास सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। 16 फरवरी को सदस्यगण महाराष्ट्र के मुंबई स्थित कुशाभाऊ ठाकरे महालगनी प्रबोधिनी संस्थान के लिए रवाना हुए थे। प्रवास का उद्देश्य पंचायत स्तर पर सुशासन, ग्रामीण विकास, जल प्रबंधन, स्वावलंबन और सामुदायिक भागीदारी के सफल मॉडलों का अध्ययन करना था।
व्यवहारिक प्रशिक्षण और प्रशासनिक दक्षता पर जोर
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधियों को ग्राम विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, वित्तीय प्रबंधन, जनसहभागिता, पारदर्शिता और नवाचार आधारित कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने व्यवहारिक सत्रों और समूह चर्चाओं के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों की प्रशासनिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर विशेष मार्गदर्शन दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सूर्यवंशी ने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छता, रोजगार सृजन, सामुदायिक सहभागिता और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता देते हुए ग्राम पंचायतों में नई कार्यसंस्कृति विकसित की जाएगी।
कलेक्टर ने ली विस्तृत समीक्षा, हरसंभव सहयोग का आश्वासन
प्रवास से लौटने के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा पूछा कि इन्हें जिले में लागू करने के लिए किस प्रकार की प्रशासनिक सहायता अपेक्षित होगी।
कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन, ग्राम स्तरीय योजना निर्माण और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन पूर्ण सहयोग देगा। विभागीय समन्वय, तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
रालेगण सिद्धि से प्रेरणा
प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र के आदर्श ग्राम रालेगण सिद्धि का भ्रमण किया, जहां समाजसेवी अन्ना हजारे द्वारा जल संरक्षण, श्रमदान और सामुदायिक अनुशासन के माध्यम से उत्कृष्ट ग्राम विकास मॉडल स्थापित किया गया है।
यहां के जल प्रबंधन, नशामुक्ति अभियान, वृक्षारोपण और सामूहिक निर्णय प्रणाली ने प्रतिनिधियों को गहराई से प्रभावित किया।
हिवरे बाजार का सफल मॉडल भी देखा
प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र की प्रसिद्ध आदर्श ग्राम पंचायत हिवरे बाजार का भी अध्ययन भ्रमण किया। यहां जल संरक्षण, कृषि विविधीकरण, पारदर्शी पंचायत संचालन और ग्रामीण आयवृद्धि के अभिनव प्रयोगों को प्रत्यक्ष देखा गया।
ग्राम सभा की सक्रिय भूमिका, योजनाबद्ध कार्यप्रणाली और सामूहिक नेतृत्व से प्रेरित होकर सदस्यों ने ऐसे मॉडल बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायतों में लागू करने का संकल्प लिया।
चरणबद्ध तरीके से होगा क्रियान्वयन
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि अध्ययन के दौरान प्राप्त नवाचारों को चरणबद्ध तरीके से ग्राम पंचायतों में लागू किया जाएगा।
उपसंचालक पंचायत शिवानी सिंह ने कहा कि यह केवल अध्ययन यात्रा नहीं, बल्कि ग्राम विकास की नई दिशा तय करने का अवसर है। पंचायत विभाग जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर ग्राम सभाओं को सक्रिय करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पंचायत सशक्तिकरण के लिए विशेष अभियान चलाएगा। आने वाले समय में देश के अन्य प्रसिद्ध मॉडल ग्रामों का भी अध्ययन भ्रमण कराया जाएगा।
संयुक्त कार्ययोजना पर सहमति
प्रवास से लौटे प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि इन नवाचारों के क्रियान्वयन से बिलासपुर की ग्राम पंचायतें आत्मनिर्भर, समृद्ध और आदर्श ग्राम के रूप में विकसित होंगी।
कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत सदस्यों, जिला प्रशासन और पंचायत विभाग के अधिकारियों ने पारदर्शिता, समन्वय और जनसहभागिता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। शीघ्र ही संयुक्त कार्ययोजना बनाकर प्राथमिकता वाले ग्रामों में मॉडल के रूप में इन नवाचारों को लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिला पंचायत बिलासपुर ने भरोसा जताया है कि सामूहिक प्रयास और प्रशासनिक सहयोग से जिले की ग्राम पंचायतें सशक्त और आदर्श विकास मॉडल के रूप में उभरेंगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।