Latest news

बिलासपुर में ‘जनदर्शन’ या जनसुनवाई?… वही चेहरे, वही शिकायतें, फिर लंबी कतारें

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

00 वीडियो में देखिए फरियादियों की तकलीफ

आवास की समस्या को लेकर बुजुर्ग महिला जनदर्शन में पहुंची तबीयत बिगड़ने पर वह मंथन सभा कक्ष के सामने गिर पड़ी।


Bilaspur बिलासपुर। हर मंगलवार उम्मीदों की आवेदन लेकर लोग कलेक्ट्रेट पहुंचते हैं, लेकिन सवाल वही—आखिर बार-बार जनदर्शन में आना क्यों पड़ रहा है? शहर से लेकर दूरदराज गांवों तक के लोग फिर लाइन में थे। कई चेहरे ऐसे, जो पहले भी आ चुके हैं। शिकायतें वही—राजस्व की गलती, निगम की लापरवाही, पानी की किल्लत, अवैध कब्जे… और प्रशासन हर बार “जांच के निर्देश” देकर आगे बढ़ जाता है।


“पहले भी आए थे, फिर आना पड़ा”


गोल बाजार के रहने वाले प्रशांत मिश्रा फिर जनदर्शन में पहुंचे। आरोप है कि क्षेत्र में निर्माण कार्य नियमों को ताक पर रखकर हो रहा है। नगर निगम आयुक्त से शिकायत कर चुके, लेकिन सुनवाई नहीं। अब कलेक्टर के सामने गुहार—मीडिया के सामने खुलकर बोले, “जब नीचे सुनवाई नहीं होती, तो जनदर्शन ही आखिरी रास्ता बचता महिलाओं की पुकार
मंगल क्षेत्र की महिलाएं पानी भरने की समस्या और अनियमित जल सप्लाई को लेकर पहुंचीं। सवाल साफ है—अगर वार्ड स्तर पर समाधान नहीं हो पा रहा, तो हर बार कलेक्टर के सामने ही क्यों आना पड़ रहा है?
कलेक्टर ने सुनी फरियाद, अधिकारियों को दिए निर्देश


कलेक्टर संजय अग्रवाल ने एक-एक कर आवेदकों से मुलाकात की और संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।
लेकिन सवाल बरकरार—क्या निर्देशों के बाद जमीनी समाधान होगा?

शिक्षा अटकी, रिकॉर्ड में गलती
बोदरी तहसील के ग्राम बोडसरा के छात्र दीपेश कुमार ने राजस्व रिकॉर्ड में नाम की त्रुटि सुधार की मांग की। मिसल रिकॉर्ड में गलती के कारण जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे—पढ़ाई प्रभावित। मामला एसडीओ बिल्हा को सौंपा गया।
तालाब का रास्ता बंद, ग्रामीण परेशान
कोटा ब्लॉक के ग्राम पंचायत तेंदुवा में शासकीय तालाब के निस्तारी रास्ते पर अवैध निर्माण का आरोप। ग्रामीणों ने बताया कि सुखराम यादव द्वारा कब्जा कर मकान बना लिया गया है। एसडीएम को जांच के निर्देश दिए गए।
किसान सम्मान निधि से लेकर बैंक बकाया तक
नहरपारा लिटिया के कैलाश प्रसाद साहू ने किसान सम्मान निधि नहीं मिलने की शिकायत की। उप संचालक कृषि को जांच सौंपी गई।
वार्ड 36 बसंत भाई पटेल नगर के लोगों ने सीसी रोड, नाली, बिजली पोल और पानी पाइप लाइन की मांग रखी—कच्ची सड़क से जलभराव और गंदगी की समस्या।
तालाब की जमीन पर फिर कब्जा!
सकरी तहसील के ग्राम कोपरा में तालाब निर्माण के लिए स्वीकृत खसरा नंबर 81 और 82 पर अवैध खेती का आरोप। ग्रामीणों का कहना—पहले भी रोका गया, फिर जुताई शुरू। एसडीओ तखतपुर को जांच सौंपी गई।
जनदर्शन बना ‘आखिरी उम्मीद’ क्यों?
राजस्व रिकॉर्ड सुधार, जाति प्रमाण पत्र, आर्थिक सहायता, बैंक बकाया, जप्त सामान वापसी, आवास ऋण—हर विभाग की शिकायतें एक ही मंच पर।
सवाल यही—क्या विभागीय स्तर पर समाधान की व्यवस्था इतनी कमजोर है कि लोगों को बार-बार कलेक्टर के दरवाजे तक आना पड़ रहा है?
जनदर्शन में भीड़ कम नहीं हो रही… निर्देश हर हफ्ते जारी होते हैं… लेकिन क्या जमीनी बदलाव दिखेगा?


बिलासपुर में यह मंगलवार सिर्फ सुनवाई का दिन नहीं, सिस्टम पर उठते सवालों का आईना बन गया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।