Latest news

ड्रग्स सप्लाई चेन…. बिलासपुर के चकरभाठा से बार्डर तक, लोकल गैंग में अभी और कौन-कौन….

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read
फाइल फोटो

चकरभाठा में 34 ग्राम हेरोइन जब्त, पंजाब के खेमकरण से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
पाकिस्तान बॉर्डर पर ड्रोन से गिरती खेप, वहीं से छत्तीसगढ़ तक सप्लाई का खुलासा
बिलासपुर
बिलासपुर पुलिस ने चकरभाठा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 34 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मामले की जांच आगे बढ़ी तो इसके तार सीधे पंजाब के तरण तारण जिले के खेमकरण गांव तक जा पहुंचे, जो पाकिस्तान बॉर्डर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। पुलिस ने एसीसीयू की टीम को पंजाब भेजकर मुख्य सप्लायर बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे (63) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को जिला कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद करीब 1500 किलोमीटर दूर बिलासपुर लाया जा रहा है।
चकरभाठा से बॉर्डर तक

प्रतीकात्मक फोटो

पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि चकरभाठा इलाके में पंजाब से हेरोइन लाकर खपाई जा रही है। एसीसीयू ने पाइंटर फिक्स कर आरोपियों से संपर्क साधा। 3000 रुपए में आधा ग्राम हेरोइन का सौदा तय हुआ।
आरोपी व्हाट्सएप पर कोडवर्ड में बातचीत करते हुए पाइंटर को चकरभाठा स्थित एक होटल के पास बुलाए। जैसे ही हेरोइन की डिलीवरी देने मोहित हिंदुजा पहुंचा, पुलिस ने उसे मौके पर दबोच लिया। इसके बाद होटल से करण दीप सिंह और रजिन्दर कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। तीनों के पास से कुल 34 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
मोबाइल फोन से मिले तकनीकी साक्ष्यों और चैट इनपुट के आधार पर पुलिस पंजाब बॉर्डर पर बैठे मुख्य सप्लायर तक पहुंची।
पंजाब तक पहुंची टीम, बॉर्डर से 200 मीटर दूर गिरफ्तारी


एसीसीयू की टीम लोकल पुलिस के सहयोग से तरण तारण जिले के खेमकरण गांव पहुंची। यह गांव पाकिस्तान बॉर्डर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।
मुख्य सप्लायर बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे अपने घर पर नशे की हालत में मिला। पूछताछ में उसने ड्रग्स सप्लाई से इनकार किया, लेकिन पुलिस के पास डिजिटल और तकनीकी साक्ष्य मौजूद थे। इसके आधार पर उसे हिरासत में लेकर जिला कोर्ट में पेश किया गया। शनिवार दोपहर 12 बजे ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद टीम ट्रेन से बिलासपुर के लिए रवाना हो गई। आरोपी को यहां एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि एंड-टू-एंड जांच कर पंजाब तक पहुंच बनाई गई। सप्लायर का बड़ा बेटा भी पहले से हेरोइन के मामले में जेल में बंद है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
ड्रोन से गिरते पैकेट, बॉर्डर गांव बने हॉटस्पॉट
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान से सटे भारतीय गांवों में अंतरराष्ट्रीय गिरोह ड्रोन के जरिए नशे के पैकेट गिरा रहे हैं। कई मामलों में ऊपर से पैकेट फेंके जाने की भी पुष्टि हुई है।
सीमा सुरक्षा में Border Security Force लगातार गश्त और निगरानी कर रही है। पंजाब पुलिस पूर्व में बॉर्डर क्षेत्र से ड्रोन बरामद कर चुकी है और पैकेट उठाने वालों पर कार्रवाई भी हुई है।
गांव की 80% आबादी नशे की चपेट में
जिस गांव तक टीम पहुंची, वहां की 80 प्रतिशत से अधिक आबादी नशे की गिरफ्त में बताई जा रही है। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं भी इसकी चपेट में हैं।
कुछ स्थानीय लोग नशा करने के साथ-साथ हेरोइन, ड्रग्स और एमडीएमए जैसे नशीले पदार्थ देश के विभिन्न हिस्सों, जिनमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है, तक सप्लाई करने में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
छोटे शहरों में ड्रग्स पैडलिंग कैसे करती है काम?
बड़े राज्यों से छोटे-छोटे पैकेट में खेप भेजी जाती है
सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप पर कोडवर्ड में बातचीत
होटल, ढाबा या पब्लिक प्लेस पर डिलीवरी
थोक सप्लायर से लोकल पैडलर तक बहुस्तरीय नेटवर्क
डिजिटल पेमेंट और कैश दोनों का इस्तेमाल
ड्रग्स सप्लाई चेन का पूरा मैकेनिज्म
पाकिस्तान बॉर्डर (ड्रोन/फेंके गए पैकेट) ↓ पंजाब के बॉर्डर गांवों में रिसीविंग ↓ स्थानीय सप्लायर ↓ इंटरस्टेट ट्रांसपोर्ट ↓ छोटे शहरों में लोकल नेटवर्क ↓ खुदरा बिक्री
टेक्निकल इनपुट बना अहम कड़ी
पूरे ऑपरेशन में मोबाइल चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और डिजिटल ट्रांजैक्शन अहम सुराग साबित हुए। पुलिस ने एंड-टू-एंड नेटवर्क ट्रेस करते हुए बिलासपुर से पंजाब बॉर्डर तक कड़ी जजोड़ी
एनडीपीएस के तहत कार्रवाई
तीनों स्थानीय आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पंजाब से पकड़े गए मुख्य सप्लायर को बिलासपुर लाकर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
चकरभाठा में 34 ग्राम हेरोइन की बरामदगी से शुरू हुई कार्रवाई ने पाकिस्तान बॉर्डर से जुड़े सप्लाई नेटवर्क का खुलासा कर दिया है। बिलासपुर पुलिस अब इस पूरे इंटरस्टेट नेटवर्क की शेष कड़ियों को खंगालने में जुटी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।