Latest news

हर शनिवार ‘कागजी कार्यवाही’ का बहाना, किसानों को टरकाया… कोचियों से 2% कमीशन लेकर भुगतान का आरोप, कलेक्टर से हुई शिकायत

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर (छ.ग.). कोटा स्थित जिला सहकारी बैंक में धान बिक्री की रकम को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्राम नंगचुई निवासी किसान हरिशंकर यादव ने जनदर्शन में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि बैंक के कैशियर हर्षित ठाकुर हर शनिवार ‘कागजी कार्यवाही चल रही है’ कहकर किसानों को भुगतान नहीं करते, जबकि व्यापारियों (कोचियों) से 2 प्रतिशत कमीशन लेकर उन्हें राशि जारी की जाती है। किसान ने दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है।


मामला किस बैंक का


शिकायत जिला सहकारी केन्द्रीय मर्यादित बैंक, कोटा, जिला बिलासपुर (छ.ग.) से जुड़ी है। आवेदक के मुताबिक बैंक में पदस्थ कैशियर हर्षित ठाकुर के खिलाफ यह आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत में लगाए गए प्रमुख आरोप
हर शनिवार भुगतान रोका जाता है: किसानों को बताया जाता है कि “कागजी कार्यवाही चल रही है”, इसलिए धान बिक्री की राशि नहीं दी जा सकती।
कोचियों को प्राथमिकता: आरोप है कि व्यापारियों (कोचियों) से 2 प्रतिशत कमीशन लेकर उसी दिन भुगतान कर दिया जाता है।
किसानों से दुर्व्यवहार: बैंक पहुंचने वाले किसानों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का भी जिक्र आवेदन में किया गया है।
पहले भी दी थी शिकायत: हरिशंकर यादव के अनुसार उन्होंने 10/02/2026 को जनदर्शन में शिकायत की थी, लेकिन 17/02/2026 तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
किसान ने की कार्रवाई की मांग
आवेदक हरिशंकर यादव (47), पिता बंसीलाल यादव, निवासी ग्राम नंगचुई, पोस्ट ऑफिस मटसगरा, तहसील कोटा, थाना जूना पारा, जिला बिलासपुर (छ.ग.) हैं। उन्होंने जनदर्शन अधिकारी को संबोधित आवेदन में कैशियर के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। आवेदन 17/02/2026 को बिलासपुर में प्रस्तुत किया गया।
किसानों की परेशानी पर फोकस
धान बिक्री के बाद भुगतान में देरी से किसानों की रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित होने की बात सामने आई है। शिकायत में उल्लेख है कि बैंक से बार-बार लौटाए जाने के कारण किसानों को अतिरिक्त चक्कर लगाने पड़ते हैं। आरोप है कि शनिवार को भुगतान नहीं मिलने से कई किसान खाली हाथ वापस लौटते हैं, जबकि उसी दिन कथित तौर पर व्यापारियों को भुगतान जारी कर दिया जाता है।
जनदर्शन में उठी आवाज
किसान ने जनदर्शन में प्रस्तुत आवेदन में कहा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो संबंधित कर्मचारी का मनोबल बढ़ता जाएगा। आवेदन में कैशियर हर्षित ठाकुर के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग दर्ज है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।