Latest news

बिलासपुर में कट्टे की नोक पर ज्वेलरी व्यापारी से लूट, फायरिंग से दहला राजकिशोर नगर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर हथौड़ी से वार, सोना-चांदी से भरी कार लूटकर फरार हुए नकाबपोश
बिलासपुर। शहर के सरकंडा इलाके में मंगलवार रात करीब 9 बजे कट्टे की नोक पर ज्वेलरी व्यापारी से सनसनीखेज लूट की वारदात ने दहशत फैला दी। टेलीफोन एक्सचेंज रोड, राजकिशोर नगर स्थित महावीर सिटी के पास कुछ अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी को रोककर मारपीट की, फायरिंग की और हथौड़ी से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उनकी कार और सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
वारदात ऐसे हुई


प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, 17/02/2026 की रात करीब 9:00 बजे संतोष तिवारी अपनी मेहरून रंग की रीनॉल्ट कंपनी की कार (क्रमांक CG 10 AH 7707) से जा रहे थे। टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने कट्टा दिखाकर धमकाया, फायरिंग की और मारपीट शुरू कर दी।
हमलावरों ने हथौड़ी से उनके सिर पर वार किया, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद आरोपी कार सहित उसमें रखे सोने-चांदी के सामान से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना CCTV कैमरों में कैद होने की जानकारी सामने आई है।
मौके पर छोड़ी वैन और बाइक


भागते समय हमलावर अपनी एक कार (क्रमांक CG 10 BJ 8147) और एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 P 0331) मौके पर छोड़ गए। पुलिस को घटनास्थल से एक मैगजीन और कुछ राउंड भी मिले हैं, जो चलाए नहीं गए थे।
घटनास्थल पर पुलिस की टीम मौजूद है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
घायल अस्पताल में भर्ती
हमले में घायल संतोष तिवारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके सिर में चोट आई है।
इलाके में दहशत, नाकेबंदी
राजकिशोर नगर और आसपास के क्षेत्रों में घटना के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर दी है और फरार हमलावरों की तलाश जारी है।
सरकंडा थाना पुलिस सहित अन्य टीमें जांच में जुटी हैं। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और छोड़े गए वाहनों के आधार पर आरोपियों की पहचान की कार्रवाई की जा रही है।
बिलासपुर के क्राइम सीन में इस वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मौके पर मौजूद है और जांच जारी है।

खबर में अपडेट जारी

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।