रायपुर, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा Graduate Aptitude Test in Engineering (GATE) में हाईटेक तरीके से नकल कराने की साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है। Raipur Police की क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए 6 अंतरराज्यीय मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया है। गिरोह इंटरकॉम तकनीक और माइक्रो ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए परीक्षा कक्ष के भीतर बैठे अभ्यर्थियों तक उत्तर पहुंचा रहा था।
इंटरकॉम-ब्लूटूथ डिवाइस से हो रही थी नकल
पुलिस जांच में सामने आया है कि परीक्षार्थियों के कान में माइक्रो ब्लूटूथ ईयर डिवाइस फिट किया गया था। परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे आरोपी मोबाइल फोन के जरिए प्रश्न गूगल सर्च कर उत्तर उपलब्ध करा रहे थे। डिवाइस इंटरकॉम तकनीक से बाहर बैठे संचालकों से कनेक्ट था, जिससे परीक्षा कक्ष के भीतर और बाहर के बीच सीधा संपर्क बना हुआ था।
2-2 लाख रुपए में तय हुआ था सौदा
पुलिस के मुताबिक प्रत्येक अभ्यर्थी से 2-2 लाख रुपए में परीक्षा पास कराने का ठेका लिया गया था। गिरफ्तार आरोपी बीटेक तक शिक्षित हैं और तकनीकी जानकारी का दुरुपयोग कर संगठित गिरोह चला रहे थे।
सभी आरोपी हरियाणा के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के विभिन्न जिलों से हुई है—
दर्शन सहवाग
सुमित सहवाग (झज्जर)
लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की
अमर
बंटी कुमार (फतेहाबाद)
नरेन्द्र कुमार (हिसार)
भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बरामद किया—
03 ब्लूटूथ ईयर डिवाइस
04 ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
08 मोबाइल फोन
03 सिम कार्ड
अन्य नकल संबंधी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
पूरे मामले में DD Nagar Police Station में आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

