बिलासपुर। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत 18 फरवरी को प्रस्तावित जंगी प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट घेराव को लेकर कांग्रेस संगठन ने पूरी ताकत झोंक दी है। शहर और ग्रामीण क्षेत्र के 15 ब्लॉक अध्यक्षों को भीड़ जुटाने की सीधी जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक ब्लॉक को लक्ष्य संख्या भी दे दी गई है और उनके प्रदर्शन पर प्रदेश स्तर तक नजर रखी जाएगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह आंदोलन छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। जिला स्तर पर इसकी मॉनिटरिंग जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष (द्वय) महेंद्र गंगोत्री और सिद्धांशु मिश्रा के मार्गदर्शन में होगी।
नेहरू चौक में दोपहर 12 बजे जुटान
कार्यक्रम के अनुसार 18 फरवरी, बुधवार को दोपहर 12 बजे कांग्रेसजन नेहरू चौक में एकत्रित होंगे। सभा के बाद रैली के रूप में बिलासपुर कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) ने सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों और पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से शामिल होने का संदेश दिया है।
संगठन ने तय किया टारगेट, प्रदेश की नजर
सूत्रों के मुताबिक, इस आंदोलन को संगठनात्मक कसौटी के रूप में देखा जा रहा है। 15 ब्लॉक अध्यक्षों को स्पष्ट रूप से भीड़ का फिगर सौंपा गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नजर उनके प्रदर्शन पर रहेगी। आंदोलन की सफलता के बाद ही आगे की रणनीति तय किए जाने की बात कही जा रही है।
मनरेगा के मुद्दे पर सरकार पर हमला
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि केंद्र की मोदी सरकार मनरेगा के मूल स्वरूप को खत्म कर मजदूरों से रोजगार छीनने का प्रयास कर रही है। पार्टी का कहना है कि मनरेगा पर हमला गरीबों की रोजी-रोटी पर सीधा वार है और करोड़ों मजदूरों के अधिकारों को कुचलने की साजिश है।
सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों को सक्रिय किया गया
जिला स्तरीय इस कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसजन, वर्तमान विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व महापौर, पूर्व प्रत्याशीगण, प्रदेश पदाधिकारी, पार्षद, छाया पार्षद, ब्लॉक, मंडल, सेक्टर, वार्ड और बूथ स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल, किसान कांग्रेस, अल्पसंख्यक विभाग, अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग, पिछड़ा वर्ग विभाग, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, असंगठित क्षेत्र प्रकोष्ठ, विधि विभाग और आईटी सेल सहित सभी इकाइयों को सक्रिय किया गया है।



