बिलासपुर। यादव प्रीमियर लीग (YPL) सीजन-1 का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला 14 फरवरी की शाम जेपी वर्मा मैदान में खेला जाएगा। खिताबी भिड़ंत में बोल बम 11 और नरसिंह 11 आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए फाइनल में कड़ी टक्कर की उम्मीद जताई जा रही है।
आयोजन समिति के प्रमुख शैलेंद्र यादव ने बताया कि YPL के पहले ही सीजन में ढाई सौ से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतिदिन हजारों की संख्या में दर्शकों की मौजूदगी ने इस क्रिकेट टूर्नामेंट को पूरे छत्तीसगढ़ में लोकप्रिय बना दिया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों की भी सक्रिय सहभागिता रही।
दर्शकों के लिए खास इंतजाम, कैच पर मिलेगा नगद इनाम
फाइनल मुकाबले को यादगार बनाने के लिए आयोजन समिति ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। दर्शकों के बैठने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। मैच के दौरान बाउंड्री के बाहर कैच लेने वाले दर्शकों को प्रत्येक कैच पर 500 रुपये का आकर्षक पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा फाइनल में कई अन्य आकर्षक पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।
मैदान में राउत बाजा की विशेष प्रस्तुति रहेगी, वहीं आकर्षक आतिशबाजी भी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगी।
महिला मैच में लक्ष्मी 11 की जीत
फाइनल से पहले आयोजित महिला मुकाबले में लक्ष्मी 11 और सरस्वती 11 के बीच मैच खेला गया, जिसमें लक्ष्मी 11 ने जीत दर्ज की। महिला खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में मौजूद रहे।
यादव प्रीमियर लीग का पहला सीजन अपने आयोजन, दर्शकों की भीड़ और प्रतिस्पर्धात्मक मैचों के कारण चर्चा में रहा है। अब सभी की निगाहें 14 फरवरी की शाम होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां बोल बम और नरसिंह 11 के बीच खिताब की निर्णायक जंग होगी।

