बिलासपुर , रायपुर। धमतरी जिले के खपरी बायपास पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन सीआरपीएफ जवानों और एक ड्राइवर समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बस्तर से लौट रही डिजायर कार की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार जवान बुरी तरह फंस गए।

मौके पर ही दो की मौत, दो ने अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
सिविल सर्जन डॉ. अभिषेक टोंडर के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल दो अन्य जवानों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जगदलपुर बटालियन से लौट रही थी कार
पुलिस के अनुसार खपरी बायपास पर जगदलपुर बटालियन से लौट रही एक डिजायर कार की तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। कार में तीन सीआरपीएफ जवान और एक ड्राइवर सवार थे। टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और जवान उसमें फंस गए।
फिलहाल मृतकों के नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। प्रशासन द्वारा शहीद जवानों के परिजनों को सूचना दी जा रही है।
एम्बुलेंस टीम ने निकाले शव
हादसे की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ एम्बुलेंस सेवा संस्था की टीम मौके पर पहुंची। संस्था के शिवा प्रधान, डुमन साहू और हेमंत प्रधान ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने ट्रक और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की भिड़ंत को हादसे की वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए खपरी बायपास मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।
प्रशासन ने घटना को गंभीर मानते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही गई है।
जमही टोल प्लाजा के पास भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई बाइक, तीन दोस्तों की मौके पर मौत
बालोद। बालोद–दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर जमही टोल प्लाजा के पास शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
गुजरा गांव लौट रहे थे तीनों युवक
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान विनोद हल्बा, प्रशांत हल्बा और हरीश हल्बा के रूप में हुई है। तीनों युवक गुजरा गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वे कुसुमकसा से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जमही टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
मौके पर ही तोड़ दिया दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार तेज थी। अंधेरे में खड़े ट्रक का अंदाजा नहीं लग पाया और बाइक सीधे पीछे जा टकराई। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में नियंत्रित किया गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे खड़े ट्रक और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही गुजरा गांव में मातम पसर गया। तीनों युवक आपस में घनिष्ठ मित्र बताए जा रहे हैं। एक साथ तीन युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

