Latest news

छात्रा की जान गई… स्कूल में शर्मनाक शिकारी, प्रिंसिपल की शर्मनाक हरकतों से तंग आकर 9वीं की छात्रा ने लगाया फंदा, सुसाइड नोट में किया खुलासा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर, रायपुर।जशपुर में मिशनरी स्कूल के अंदर घटित एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे जिले को हिला दिया है। 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा ने स्कूल के प्रिंसिपल की कथित गंदी हरकतों से परेशान होकर हॉस्टल के स्टडी रूम में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके से मिला सुसाइड नोट स्कूल प्रबंधन और प्रशासन की निगरानी पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में संचालित एक मिशनरी स्कूल से रविवार देर रात यह सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां हॉस्टल में रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा मृत पाई गई। छात्रा ने खुदकुशी से ठीक पहले एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें स्कूल के प्रिंसिपल कुलदीप टोपनो पर गंदी नीयत से छेड़छाड़, आपत्तिजनक स्पर्श और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
छात्रा के शव को फंदे पर लटकता देख स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुसाइड नोट को कब्जे में लिया।
गिरफ्तारी और जांच:
सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया है। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जिस छात्रावास में बच्ची रहती थी, वह बिना आवश्यक अनुमति और मान्यता के संचालित हो रहा था।
पुलिस ने बताया कि अब हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं और स्कूल स्टाफ से पूछताछ शुरू की गई है। तथ्यों की पुष्टि के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर रोष:
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कैसे एक स्कूल, जो बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा का स्थान है, वहां एक प्रिंसिपल शिकारी की तरह छात्राओं को निशाना बना सकता है?
पुलिस बयान:
“सुसाइड नोट में लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है और जांच तेजी से जारी है। अन्य पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।” — पुलिस

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।