मोहम्मद इसराइल बबलू | बिलासपुर
खेल के मंदिर को मयखाना बना देने वाली ये तस्वीरें अब पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई हैं। जिस बॉक्सिंग रिंग में पंचों की गूंज सुनाई देनी चाहिए थी, वहां शराब की बोतलें छलक रही थीं, गिलास टकरा रहे थे और मछली-चिकन की खुशबू फैल रही थी। यह शर्मनाक दृश्य एसईसीआर (दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे) जोन के स्पोर्ट्स सेल बिलासपुर के उस बॉक्सिंग क्लब का है, जहां खिलाड़ियों के पसीने से खेल का इतिहास लिखा जाता है।
लेकिन उसी रिंग में हाल ही में खेल अधिकारियों ने बर्थ-डे पार्टी के नाम पर मर्यादाओं को रौंद डाला। बिना किसी अनुमति के स्पोर्ट्स सेल प्रभारी श्रीकांत पहाड़ी और कोच देवेंद्र यादव ने क्लब के अंदर ही अपना जन्मदिन मनाया। वहां शराब और नॉनवेज के साथ जश्न का माहौल बना दिया गया।
बॉक्सिंग रिंग में छलके जाम, खिलाड़ियों ने कहा — “जिस रिंग की करते हैं पूजा, उसे बना दिया मयखाना”


इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब पार्टी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। फोटो में अधिकारी, कोच और कुछ खिलाड़ी हाथों में शराब से भरे गिलास और बीयर की बोतलें लिए रिंग के अंदर बैठे दिखाई दिए। एक खिलाड़ी ने यह तस्वीरें मीडिया को भेजते हुए लिखा —
“जिस रिंग की हम रोज पूजा करते हैं, उसे खेल अधिकारियों ने मयखाना बना दिया।”
इन तस्वीरों ने खेल जगत में तूफान ला दिया। बताया गया कि जन्मदिन के मौके पर कोचों ने क्लब में ही मछली फ्राई और चिकन तैयार कराया, फिर बॉक्सिंग मेट को ही ‘सेंटर टेबल’ बनाकर पार्टी शुरू की गई। चारों ओर कुर्सियां लगाई गईं और बीच में रखे मेट पर गिलास, शराब की बोतलें और चखना सजाया गया। घंटों तक यही नजारा जारी रहा।
कोच, असिस्टेंट कोच और खिलाड़ी भी शामिल
इस पार्टी में सिर्फ स्पोर्ट्स सेल प्रभारी ही नहीं, बल्कि कई अधिकारी और कोच भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार, बॉक्सिंग कोच नागू, गर्ल्स कोच देवेंद्र यादव, असिस्टेंट कोच सुमित, बॉयज कोच श्रवण बिस्नोई, असिस्टेंट कोच नितिन साक्या, और खिलाड़ी विकास ठाकुर समेत अन्य स्टाफ ने भी इस ‘जश्न’ में हिस्सा लिया।
खिलाड़ियों के बीच यह खबर आग की तरह फैल गई। कई खिलाड़ियों ने नाराजगी जताई कि जहां वे रोज अनुशासन, फिटनेस और मेहनत की मिसाल देते हैं, वहां खेल के जिम्मेदार अधिकारी ‘मस्ती और मदहोशी का अखाड़ा’ सजा रहे थे।
रेलवे अधिकारी बोले — जांच कराई जाएगी
वायरल तस्वीरों के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया है। सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने कहा —
“बॉक्सिंग रिंग खिलाड़ियों के अभ्यास का स्थान है, वहां शराब या किसी तरह की पार्टी वर्जित है। इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।



